जेम्स एंडरसन पांचवें टेस्ट रद्द होने पर भड़के, मैच रिशेड्यूल होने की जताई उम्मीद
नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच रद्द होने के बाद से इंग्लिश खेमा विराट कोहली की टीम से खफा है। इंग्लैंड के कई पूर्व दिग्गज खिलाड़ी इसको लेकर भारतीय टीम की आलोचना भी कर चुके हैं और टेस्ट कैंसिल होने के पीछे आईपीएल को जिम्मेदार भी ठहरा रहे हैं। खबरें ऐसी भी सामने आई कि इंग्लैंड के कुछ खिलाड़ियों को टीम इंडिया का यह रवैया पसंद नहीं आया और उन्होंने इसी वजह से आईपीएल 2021 से अपना नाम तक वापस ले लिया। इसी कड़ी में अब इंग्लैड के अनुभवी गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखकर अपना गुस्सा जाहिर किया है। इंग्लिश फास्ट बॉलर ने कहा कि यह बेहद शर्म की बात है कि इंटरनेशनल क्रिकेट के समर का अंत इसी तरह से हुआ। एंडरसन ने अपने इंस्टाग्राम पर मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान की फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'यह काफी शर्म की बात है कि इंटरनेशनल क्रिकेट के समर का इस तरह से अंत हुआ। मैं लंकाशायर क्रिकेट के लिए निराश हूं और उन फैन्स के लिए भी जिन्होंने टिकट, ट्रेन, होटल के लिए पैसा चुकाया और दोनों साइड के सपोर्टस के लिए भी जो अंत देखना चाहते थे जिसकी यह सीरीज हकदार थी। मैं उम्मीद करता हूं कि यह मैच किसी समय पर दोबारा खेला जाएगा और मुझे अपने होम ग्राउंड पर जिससे मैं बहुत प्यार करता हूं वहां एक और इंटरनेशनल मैच खेलने को मिलेगा।'
जेम्स एंडरसन का प्रदर्शन इस सीरीज में गेंद से बेहद शानदार रहा और उन्होंने 4 मैचों में 15 विकेट अपने नाम किए। गौरतलब है कि टीम इंडिया के जूनियर फिजियो योगेश परमार के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद टीम इंडिया के खेमे में हड़कंप मच गया था। कोहली की टीम ने मैनचेस्टर टेस्ट के पहले दिन कोरोना के फैलने के डर से मैदान पर उतरने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद बीसीसीआई और ईसीबी को मैच रद्द करने का फैसला करना पड़ा था। दोनों बोर्ड के मुताबिक इस टेस्ट मैच को रिशेड्यूल किया जाएगा।
