पटना: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, फंदे से लटकती मिली लाश, पति व सास गिरफ्तार
पटना
राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र के हरिपुर कॉलोनी में दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बाद में उसका शव फंदे पर लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। मायके वालों की शिकायत पर दीघा थाने की पुलिस ने मृतका के पति दीपक पासवान व सास गीता देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले मृतका के भाई लालू कुमार ने बताया कि 2015 में 25 वर्षीया मेरी छोटी बहन रेणु देवी की शादी दीघा थाना क्षेत्र के दीपक पासवान से हुई थी। शादी के एक-डेढ़ साल बाद से ही ससुराल वाले उसे प्रताड़ना करने लगे। कई बार समझाकर मामला शांत कराया लेकिन समय के साथ मामला बढ़ता चला गया और शनिवार की रात मेरी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और उसे फंदे से लटका दिया। रविवार की सुबह सात बजे पटना के किसी रिश्तेदार ने इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले परिजनों ने दीघा थाने को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करने के लिए भेज दिया। दीघा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दहेज मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पति व सास को गिरफ्तार किया गया है। मृतका का पति दीपक पासवान पेंटर का काम करता है। घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य घर में ताला बंद कर फरार हो गये।
