दिल्ली में कोरोना के 22 नए मामले, संक्रमण से नहीं गई एक भी मरीज की जान

नई दिल्ली
 दिल्ली में कोरोना वायरस के नए मामलों में रविवार को गिरावट देखने को मिली। दिल्ली स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में राजधानी में कुल 22 नए मामले सामने आए। इस बीच राहत की खबर ये रही कि कोविड से किसी भी मरीज की जान नहीं गई। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। रविवार को 44 लोगों ने कोरोना वायरस के मात दी, जबकि केंद्र शासित प्रदेश में एक्टिव मामले की संख्या 390 है। दिल्ली में कोरोना के खिलाफ टीकाकरण का अभियान भी जोर-शोर से जारी है।
 
राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस को लेकर पिछले कई दिनों से राहत के आंकड़े सामने आ रहे हैं। पिछले दिनों की तरह आज भी किसी अस्पताल ने वायरस से किसी भी मौत की सूचना नहीं दी। जबकि 22 नए मामलों के साथ अब प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 14,12,760 पर पहुंच गई है। वहीं अब तक 25083 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में बीते 24 घंटे में 61968 कोरोना टेस्ट किए गए वहीं, पॉजिटिविटी रेट 0.04 प्रतिशत दर्ज किया गया।
 

राजधानी में कोरोना वायरस के खिलाफ टीकाकरण का काम भी तेजी से हो रहा है, 24 घंटे में 130180 लोगों को कोविड की डोज दी गई। इनमें से वैक्सीन की पहली खुराक लेने वालों की संख्या 78551 रही जबकि दूसरी डोज लगवाने वालों की कुल संख्या 51629 खुराक दर्ज की गई। अब तक दिल्ली में कुल 14994399 लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। इस बीच देश में कोरोना केस की बात करें तो रविवार को 28,591 नए कोरोना केस सामने आए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में 338 लोगों की मौत हुई है। पिछले 24 घंटे में 34,848 मरीज कोविड-19 से ठीक हो गए हैं। वहीं देश में एक्टिव केसों की संख्या 3,84,921 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *