नेशनल कांफ्रेंस नेता त्रिलोचन सिंह वजीर की गोली मारकर हत्या की गई थी : पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट
नई दिल्ली
नेशनल कॉन्फ्रेंस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर के पूर्व एमएलसी त्रिलोचन सिंह वजीर की हत्या सिर में गोली मारकर की गई थी। इस बात के संकेत पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मिले हैं। हालांकि, अभी तक यह बात पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है कि गोली किसने और क्यों मारी? फिलहाल, पुलिस वारदात के प्रमुख संदिग्धों हरप्रीत सिंह और हरमीत की तलाश में जुटी है। इस काम में पुलिस की कुल 12 टीमें लगातार दिल्ली-एनसीआर और बाहर के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
क्राइम ब्रांच सूत्रों की मानें तो त्रिलोचन सिंह वजीर के शव के पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर में गोली मारने की बात सामने आई है। हालांकि, यह गुत्थी अब भी बरकरार है कि वजीर को गोली किसने और क्यों मारी? मामले में पुलिस के सामने फिलहाल दो प्रमुख संदिग्ध हरप्रीत और हरमीत हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगी हुई हैं। इनमें से सात टीमें दिल्ली-एनसीआर में जांच कर रही हैं। वहीं, पांच टीम को जम्मू-कश्मीर, अमृतसर सहित अन्य स्थानों पर भेजा गया है। ये टीमें सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की लोकेशन और संदिग्धों के नंबर के संपर्क में रहने वाले लोगों के जरिए इनके संभावित ठिकानों का पता लगाकर लगातार छापेमारी कर रही हैं। क्राइम ब्रांच ने अब तक इस मामले में मुख्य संदिग्ध हरप्रीत की गर्लफ्रेंड समेत तीन लोगों से पूछताछ की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दोनों आरोपियों के फोन की सीडीआर की जांच के साथ इस हत्याकांड की एक-एक कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है, ताकि घटनाक्रम पता चल सके।
लगातार बहन के संपर्क में था मुख्य संदिग्ध
मामले में मुख्य संदिग्ध हरप्रीत वारदात के बाद लगातार जम्मू में रहने वाली अपनी बहन के संपर्क में था। तकनीकी जांच में यह तथ्य सामने आने के बाद पुलिस की दो टीमें जम्मू में हरप्रीत की बहन का पता लगाने में जुटी हैं। हालांकि, अभी तक उसकी बहन के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।
