बीते 24 घंटे में सामने आए कोरोना के 28,591 नए मामले
नई दिल्ली
देश में कोरोना के केस में पहले से कमी आई है, रविवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में कोरोना के 28,591 नए केस सामने आए हैं और 338 लोगों की मौत भी हुई है, जबकि 34,848 लोग अस्पताल से ठीक होकर घर भी लौटे हैं। देश में इस वक्त कोरोना के कुल मामले 3,32,36,921 हो गए हैं तो वहीं इंडिया में सक्रिय मामले 3,84,921 हो गए हैं। जबकि कुल मौतों का आंकड़ा 4,42,655 हो गया है, जबकि देश में अब तक 73,82,07,378 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।
देश में केरल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बीते 24 घंटे में केरल में कोरोना वायरस के 20,487 मामले और 181 मौतें शामिल हैं। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक इंडिया में कल कोरोना वायरस के लिए 15,30,125 सैंपल टेस्ट किए गए है, जिसके बाद अब तक देश में कुल 54,18,05,829 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
तीसरी लहर की वार्निंग के तहत भारत सरकार की पूरी कोशिश है कि तीसरी लहर आने से पहले ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लग जाए इसी कारण देश में टीकाकरण की रफ्तार में काफी तेजी आई है। देश में अब तक 73,82,07,378 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है। हेल्थ मंत्रालय के अनुसार 10 सितंबर तक भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 55,58,79,974 लोगों को पहली डोज लग चुकी है, जबकि 17,38,70,750 लोगों को कोरोना की दूसरी डोज दी जा चुकी है। इसके पहले केंद्र सरकार ने 11 पूर्वोत्तर राज्यों, पहाड़ी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 18 वर्ष से अधिक की आयु के लोगों को जल्द से जल्द कोरोना का पहला टीका लगाने का निर्देश दिया था और कहा था 60 या उससे ज्यादा लोगों पर ध्यान देने की काफी जरूरत है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान ने कहा है कि अक्टूबर में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है इसलिए सबको काफी सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि जरा सी लापरवाही बड़ा खतरा बन सकती है। एम्स के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया का भी कहना है कि त्योहारी सीजन में सबको काफी सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि लापरवाही किसी के लिए भी नुकसानदेह साबित हो सकती है।
