बारिश के मौसम में कीड़े के काटने से जलन और रेडनेस को कैसे करें तुरंत दूर
आप कहीं जाने के लिए तैयार हो रही हैं और अचानकर से चेहरे या गर्दन पर तेज खुजली होने लगती है। थोड़ी देर में दाना भी बन जाता है और आप जलन से परेशान हो रही होती हैं…बरसात के मौसम में यह समस्या आम है। लेकिन आपको इससे परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि आप चुटकियों में अपने चेहरे से इस जलन और रेडनेस को दूर कर सकती हैं। ऐसे में अपनी त्वचा को तुरंत सामान्य करने के लिए आप बेकिंग सोडा और हैंड सैनिटाइजर का उपयोग करें।
बग बाइट पर बेकिंग सोडा लगाएं
कोई मच्छर, मक्खी या उड़ने वाला कोई कीड़ा आपको काटकर चला गया है तो आप त्वचा पर हुई रेडनेस (लालपन) को दूर करने के लिए बेकिंग सोडा का उपयोग कर सकती हैं। इसके लिए आप दो से तीन चुटकी बेकिंग सोडा लेकर उसे पानी के साथ घोलकर पेस्ट बना लें और प्रभावित जगह पर लगा लें। कुछ ही देर में जलन और खुजली शांत हो जाएगी और लालिमा दूर हो जाएगी।
इसलिए प्रभावी है बेकिंग सोडा
कम ही लोग इस बात को जानते हैं कि इस तरह की जलन शांत करने वाली और रेडनेस दूर करने वाली जो मेडिकेटेड क्रीम्स आती हैं, उनमें सोडियम बाइकार्बोनेट का उपयोग होता है, जिसे बोलचाल की भाषा में बेकिंग सोडा कहते हैं।
बेकिंग सोडा त्वचा पर लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि इसका उपयोग आप हर दिन नहीं कर सकती हैं। यह कभी-कभार उपयोग के लिए है। दूसरी बात यह है कि अगर आपकी त्वचा बहुत अधिक संवेदनशील है तो आप इसका उपयोग ना करें। नहीं तो यह आपकी समस्या बढ़ा सकता है।
हैंड सैनिटाइजर है बहुत प्रभावी
त्वचा पर अचानक से तेज खुजली होने लगी है, लाल निशान बन गया है या बंप बन गया है। अगर आपको कुछ समझ नहीं आ रहा है कि तुरंत राहत पाने के लिए क्या करना चाहिए तो आप इस पर हैंड सैनिटाइजर लगा लें।
हैंड सैनिटाइजर में एल्कोहॉल अच्छी खासी मात्रा में होता है और यह आपकी त्वचा पर बैक्टीरिया, फंगस और खुजली पैदा करने वाले जीवाणुओं को तुरंत खत्म करने में सहायक होता है। साथ ही इसे हर तरह की त्वचा पर उपयोग किया जा सकता है।
