बीटेक, बी फार्मा, बीबीए बीसीए, एमबीए, एमसीए और एमटेक के छात्र हुए प्रमोट

पटना
बीटेक, बी फार्मा, बीबीए, बीसीए, एमबीए, एमसीए व एमटेक के पाठ्यक्रमों के सत्र 2020-21 में नामांकित प्रथम सेमेस्टर और सम सेमेस्टर (अंतिम सेमेस्टर को छोड़कर) के स्टूडेंट्स को अगले सेमेस्टर में प्रमोट कर दिया गया है. शुक्रवार को आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी (एकेयू) की परीक्षा समिति की बैठक में यह लिया गया.

बैठक में यूजीसी की ओर से जुलाई, 2021 और एआइसीटीइ की ओरसे 13 अगस्त, 2021 को जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कोरोना महामारी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. मालूम हो कि आर्यभट्ट नॉलेज यूनिवर्सिटी के अधीन ही राज्य के सभी संस्थानों में ये कोर्स संचालित होते हैं.

परीक्षा नियंत्रक डॉ राजीव रंजन ने कुलपति के आदेश से पत्र जारी करते हुए कहा है कि सत्र 2020-21 के प्रथम सेमेस्टर के प्रमोट स्टूडेंट्स के अंकों का निर्धारण कॉलेज द्वारा प्राप्त इंटरनल अंक के आधार पर किया जायेगा, जिसमें 100% अंक का वेटेज इंटरनल अंक के आधार पर किया जायेगा.

इसमें 50% अंकों को वेटेज इंटरनल अंक के आधार पर और 50% अंक का वेटेज उनके पिछले विषम सेमेस्टर में प्राप्त पूर्णांक के आधार पर किया जायेगा. परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि एकेयू से संबद्ध कॉलेजों के उक्त पाठ्यक्रमों में नामांकित स्टूडेंट्स, जो कोरोना के दौरान बैकलॉग पेपर की परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, उनके अंकों का निर्धारण भी उनके पूर्व की परीक्षा में प्राप्त अंकों के प्रदर्शन के आधार पर किया जायेगा.

इसमें 50% अंक का वेटेज इंटरनल और 50% अंक का वेटेज उनके पिछले सेमेस्टर में प्राप्त पूर्णांक के आधार पर किया जायेगा. एकेयू द्वारा पात्रता रखने वाले सभी स्टूडेंट्स को ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरना होगा. एकेयू ने कहा कि बीटेक, बी फॉर्मा, बीबीए, बीसीए, एमसीए, एमटेक व अन्य कोर्स के सत्र 2020-21 के प्रथम सेमेस्टर के प्रमोट प्राप्त कर रहे स्टूडेंट्स की द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का आयोजन कॉलेज पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद जल्द करेंगे.

एकेयू के इस फैसले से स्टूडेंट्स के बीच खुशी का माहौल है. पिछले कई दिनों से लगातार स्टूडेंट्स प्रोमोट करने की मांग कर रहे थे. उन्होंने कहा कि इस निर्णय से सभी विलंबित सत्र अब समय पर पूरे हो सकेंगे. प्रदेश में कुल 38 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज हैं, जिनमें लगभग 40 हजार से भी ज्यादा स्टूडेंट्स पढ़ते हैं.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *