अंतिम मैच रद्द, भारत ने 2-1 से जीती सीरीज
मैनचेस्टर। भारत और इंग्लैंड के बीच शुक्रवार से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में खेले जाने वाले पांचवें और आखिरी टेस्ट मैच को रद्द कर दिया गया है। कोरोना के साए के बीच बोर्ड ने आपसी सहमति से यह फैसला लिया है। इसके साथ ही भारत ने टेस्ट सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। इधर टेस्ट मैच रद्द होने पर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि भारत के खेलने से मना करने पर मैच रद्द किया गया है। इसलिए मैनचेस्टर टेस्ट में उसे हारा माना जाएगा।
इससे पहले बीसीसीआई का कहना है कि एक दिन के लिए मैच को टाला जाना उन्हें स्वीकार्य है, लेकिन यह समय एक दिन से अधिक भी हो सकता है। वहीं, दिनेश कार्तिक ने भी पांचवें टेस्ट मैच को टाले जाने की पुष्टि की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है कि आज कोई भी खेल नहीं होगा। उन्होंने लिखा, ‘नो प्ले टुडे, ओके टाटा, बाय-बाय’। बता दें कि टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री और सपोर्ट स्टाफ के तीन सदस्य इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे। इस बीच टीम में कोरोना का एक और नया मामला सामने आया था। असिस्टेंट फिजियो योगेश परमार भी पांचवें टेस्ट मैच से पहले कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे। बीते दिन टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों का कोरोना की आरटी-पीसीआर जांच करवाई गई थी, जोकि निगेटिव आई थी। इसके बाद दोनों बोर्ड ने मैच को तय समय यानी शुक्रवार से शुरू करने पर ही सहमति जताई थी। लेकिन फिर हुई बोर्ड की बातचीत में आखिरी टेस्ट मैच को टालने का फैसला लिया गया।
टेस्ट सीरीज में आगे चल रही टीम इंडिया
टीम इंडिया के लिए पांच टेस्ट मैचों की यह सीरीज ऐतिहासिक रही है। अब तक खेले गए चार टेस्ट मैचों में भारत 2-1 से इंग्लैंड से आगे चल रहा है। यदि विराट कोहली के नेतृत्व में टीम को सीरीज में जीत मिलती है तो फिर वह आॅस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज भारत के नाम करने वाले पहले भारतीय कप्तान बन जाएंगे।
