स्मार्ट सिटी उदयपुर को मिलेगी बुलेट ट्रेन की सौगात
उदयपुर
राजस्थान में स्मार्ट सिटी उदयपुर को बहुत ही जल्द दिल्ली से अहमदाबाद के बीच 350 किलोमीटर प्रति घंटा रफ्तार से चलने वाली बुलेट ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉपारेर्शन लिमिटेड के अधिकारियों ने गुरुवार को जिला कलक्टर चेतन देवड़ा के सामने इस प्रोजेक्ट को लेकर प्रजेंटेशन दिया और इस महत्त्वकांक्षी प्रोजेक्ट पर विस्तार से चर्चा की। प्रजेंटेशन दौरान कलक्टर देवड़ा ने अधिकारियों से हर विषय की जानकारी ली और कहा कि इस महत्त्वकांक्षी प्रोजेक्ट के सफल क्रियान्वयन के लिए सर्वे और अन्य कार्यों में जिला प्रशासन द्वारा पूरा-पूरा सहयोग दिया जाएगा। नेशनल हाई स्पीड रेल कॉपारेर्शन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनुप अग्रवाल और सर्वे मैनेजर राजीव दत्त के नेतृत्व में अधिकारियों ने बुलेट ट्रेन की सात डीपीआर में से दिल्ली-अहमदाबाद हाई स्पीड ट्रेन की डीपीआर तैयार करने संबंधित बिंदुओं पर पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी।
इसमें बताया गया कि इस प्रोजेक्ट के 875 किलोमीटर लंबे ट्रेक का 75 प्रतिशत हिस्सा यानी 657 किलोमीटर ट्रैक राजस्थान में होगा। यह ट्रैक राजस्थान के सात जिलों अलवर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर जिले से गुजरेगा। इसमें उदयपुर जिले का ट्रेक 127 किलोमीटर का रहेगा। प्रजेंटेंशन दौरान राईट्स के डीजीएम पी.के.राव ने बताया कि राजस्थान में 127 किलोमीटर ट्रेक में नौ स्टेशन बनाएं जाने प्रस्तावित हैं जिसमें बहरोड़, शाहजहांपुर, जयपुर, अजमेर, विजयनगर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और डूंगरपुर में स्टेशन बनेंगे। इस ट्रेन से दिल्ली से अहमदाबाद का सफर तीन घंटे में तय हो सकेगा। कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि ट्रेन के संचालन में सुरक्षा संबंधित तकनीकी कारणों से संपूर्ण ट्रेक हवा में अथार्त पिल्लर्स पर एलीवेटेड बनाया जाएगा और उदयपुर जिले में एक किलोमीटर से कम दूरी की 8 टनल भी बनाई जाएंगीं, जो जमीन पर होंगी। इस मायने में जमीन अधिग्रहण का मामला कम से कम रहेगा। इसी प्रकार यह ट्रेक पांच नदियों के ऊपर से भी गुजरेगा।
