पात्र हितग्राही को समय पर मिले शासन की योजनाओं का लाभ – ऊर्जा मंत्री तोमर
भोपाल
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में 38 नम्बर कार्यालय पर हाथठेला, कामकाजी, पेंशन, मजदूरी व आयुष्मान के पात्र हितग्राहियों को कार्ड वितरित किया। उन्होंने कहा कि आपका सेवक आपकी सेवा में हमेशा तैयार है। किसी भी व्यक्ति को राशन या अन्य कार्यों के लिए ऑफिसों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं हैं। आपके नजदीक जाकर आपको शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशानुसार आपकी समस्या के निराकरण के लिए आपके क्षेत्र में केंप आयोजित कर समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है। लगभग 10 हजार परिवारों को राशन की पात्रता पर्ची दी जा चुकी है। आगे भी पात्र हितग्राहियों को राशन की पात्रता पर्ची दी जायेंगी।
ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि शहर में विकास कार्य तेजी से कराये जा रहे हैं। ग्वालियर सिविल अस्पताल बनकर तैयार है और बिरला नगर प्रसूति गृह का कार्य चालू हो चुका है। साथ ही एक और अस्पताल किशन बाग की मंजूरी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में ग्वालियर में तेजी से कार्य किया जा रहा है। हमारा प्रयास है क्षेत्र के नागरिकों को घर के नजदीक ही नि:शुल्क और बेहतर इलाज की सुविधा मिले।
श्री तोमर ने कहा कि शहर हम सभी का है, इसको साफ सुथरा रखने की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। इसलिए हमें प्रण करना चाहिए कि अपने आस-पास की जगहों पर गंदगी न होने दें। कचरा सिर्फ कचरा वाहन में ही डालें, जिससे हमारा शहर तो स्वच्छ बनेगा ही साथ ही हम कई बीमारियों से भी बचेगें। इस अवसर पर क्षेत्रीय नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
