टीम इंडिया के दक्षिण अफ्रीका दौरे का ऐलान, जोहानिसबर्ग में पहला टेस्ट
नई दिल्ली
यूएई और ओमान में होने वाले आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2021 के बाद टीम इंडिया का अगला दौरा दक्षिण अफ्रीका में होगा जो साल 2022 के जनवरी महीने तक चलेगा. क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने ऐलान किया है कि टीम इंडिया प्रोटियाज के खिलाफ 3 टेस्ट, 3 वनडे और 4 टी-20 मैचों की सीरीज खेलने इस साल दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका जाएगी और अगले साल के शुरुआती महीने तक रहेगी.
टीम इंडिया को सितंबर 2021 में टी-20 इंटरनेशनल सीरीज खेलने दक्षिण अफ्रीका जाना था, लेकिन आईपीएल के रीशेड्यूल होने की वजह से इसको टाल दिया गया. गौरतलब है कि आईपीएल 2021 का दूसरा फेज 19 सितंबर से शुरू हो रहा है. किसी बाइलेट्रल सीरीज में टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका की आखिरी बार मुलाकात साल 2020 में हुई थी, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के खतरे को देखते हुए इसे रद्द कर दिया गया था.
इस टूर के दौरान टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका की पहली टक्कर 17 दिसंबर को जोहानिसबर्ग में होगी, वहीं बॉक्सिंग डे टेस्ट सेंचुरियन में खेला जाएगा.
