जबलपुर जिले की 343 पंचायतों की पात्र सौ-फीसदी आबादी को लगी टीके की पहली डोज
जबलपुर
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रदेश में कोरोना नियंत्रण एवं टीकाकरण के लिए लागू जन-भागीदारी मॉडल को अपनाकर शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने वाली ग्राम पंचायतों के मामले में जबलपुर जिला प्रदेश में अग्रणी है। अब तक जिले की 343 ग्राम पंचायतों की पात्र सौ फीसदी आबादी को कोरोना टीकाकरण की पहली डोज लग चुकी है।
पात्र सौ-फीसदी आबादी को प्रथम डोज का टीकाकरण कराने वाली ग्राम पंचायतों में विकासखंड जबलपुर जिले की 28, पनागर की 62, कुण्डम की 38, शहपुरा की 38, मझौली की 64, पाटन की 53 और सिहोरा विकासखंड की 60 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन सभी ग्राम पंचायतों की मतदाता सूची में दर्ज व्यक्तियों को टीके की प्रथम डोज लग चुकी है। टीकाकरण से शेष रह गये व्यक्तियों में मृत, गांव से बाहर गये और गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति शामिल हैं।
मुख्यमंत्री चौहान के निर्देश पर धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संगठनों, जन-प्रतिनिधियों, आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य एवं पदाधिकारियों, प्रतिष्ठित नागरिकों सहित आशा कार्यकर्ता और आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टीकाकरण गतिविधियों में प्रेरक के रूप में जोड़कर जिले ने यह उपलब्धि अर्जित की है।
इसके अलावा जिले की बरेला नगर परिषद और शहपुरा नगर परिषद में भी पात्र सौ-फीसदी लोगों को टीका की पहली डोज लग चुकी है। साथ ही नगर निगम जबलपुर के दो वार्ड क्रमश: शहीद चंद्रशेखर आजाद वार्ड और शहीद बिरसा मुंडा वार्ड शत-प्रतिशत वैक्सीनेडेट हो गये हैं। यहाँ भी सभी पात्र लोगों को पहला डोज लग चुका है।
