रोडवेज़ कर्मियों की हड़ताल जारी, नोटिस जारी होने के बावजूद काम पर नहीं लौटे कर्मचारी 

चंडीगढ़
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कई संगठन अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ़ प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में पंजाब रोडवेज, पनबस और PRTC के कच्चे मुलाजिम भी पक्का करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। इस बाबत रोडवेज कर्मी ने बुधवार को सरकार के साथ बैठक की लेकिन मसले का हल नहीं निकला। रोडवेज़ कर्मियों ने सीएम के मुख्य सलाहकार सुरेश कुमार की पहले हड़ताल ख़त्म करने की शर्त को मानने से इनकार दिया। वहीं रोडवेज़ कर्मियों ने हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। 

 नियमित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन पेप्सू रोड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (पीआरटीसी) के प्रदेश भर में 2000 के करीब हड़ताली ठेका मुलाजिमों को कॉरपोरेशन मैनेजमेंट ने बुधवार को नोटिस जारी कर दिया। इस नोटिस के माध्यम से हड़ताली मुलाजिमों को गुरुवार से काम पर लौटने को कहा गया है। आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए उनका ठेका रद्द करने की चेतावनी दी गई है।

 पीआरटीसी के ठेका व आउटसोर्स मुलाजिम नियमित करने की मांग को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण अधिकतर बसें डिपो पर खड़ी हैं और सवारियों को परेशानी हो रही है। वहीं पीआरटीसी को अब तक इस हड़ताल के कारण करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया है। मंगलवार और बुधवार को पीआरटीसी के बेड़े में शामिल कुल 1100 बसों में से मात्र 300 बसें ही रूटों पर चलीं। हड़ताली मुलाजिमों में वर्कशाप स्टाफ, एडवांस टिकट बुकर के अलावा ज्यादा गिनती में ड्राइवर व कंडक्टर शामिल हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *