टीकाकरण की गति को बढ़ाने बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर सर्वे करने के निर्देंश
रायपुर
राज्य शासन द्वारा कोविड-19 टीकाकरण के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता में दी गई है। रायपुर जिले में वर्तमान में करीब 80 प्रतिशत नागरिकों ने कोविड वैक्सीनेशन के तहत पहले डोज का टीका लगवा लिया है लेकिन अभी भी करीब 20 प्रतिशत नागरिकों द्वारा टीकाकरण नहीं कराया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार ने टीकाकरण की गति को बढ़ाने हेतु बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर सर्वे कर सूची तैयार करने के लिए निर्देशित किया है जिससे छूटे हुए नागरिकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने में सहायता मिल सके।
कलेक्टर ने कहा है कि टीकाकरण हेतु शेष बचे लगभग 20 प्रतिशत लोगों की जानकारी संकलित करने एवं उनके बीच अगर टीकाकरण के संबंध में कोई भ्रम है तो उसके निवारण में बूथ लेवल अधिकारियों की बड़ी भूमिका है। जिले में अभी तक करीब 14 लाख नागरिकों ने कोविड टीकाकरण प्रथम डोज लगवाया है तथा करीब 5 लाख नागरिकों ने टीके का दूसरा डोज भी लगवा लिया है। कलेक्टर सौरभ कुमार ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से कोविड टीकाकरण कराने की अपील की है और कहा है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। टीकाकरण का कार्य रायपुर जिले के करीब 180 टीकाकरण केन्द्रों में रविवार और अवकाश के दिनों सहित प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाता है। शासकीय टीकाकरण केन्द्रों में टीका नि:शुल्क लगाया जाता है।
