मिशन 2022: कांग्रेस की तैयारियों को धार देने यूपी आएंगी प्रियंका गांधी

मिशन 2022 की सियासी बिसात पर उतारने के लिए कांग्रेस ने लगभग 40 प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। इनमें पूर्व विधायक, सांसद, मौजूदा विधायक या चुनावों में नंबर दो पर आने वाले प्रत्याशी शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी 10-11 सितंबर को यूपी दौरे पर आ सकती हैं।

कांग्रेस इन 40 प्रत्याशियों की सूची जल्द जारी कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका गांधी ने कुछ प्रत्याशियों से एक-एक कर फोन पर सीधे बात की और इन सभी को चुनाव लड़ने के लिए तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे अपनी तैयारियां तेज करें, मजबूती से लड़ें और जीत कर आएं। पार्टी के निर्देशों के अनुसार काम करें और साफ कहा कि आप पर नजर रखी जाएगी। वहीं कुछ प्रत्याशियों को राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने फोन करके तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। 

इन नामों में सहारनपुर से इमरान मसूद, प्रयागराज शहर उत्तरी से अनुग्रह नारायण सिंह, शामली से पंकज मलिक, झांसी से प्रदीप आदित्य जैन, बख्शी का तालाब से ललन कुमार, कानपुर की गोविंद नगर सीट से करिश्मा ठाकुर, शोहरतगढ़ सीट से पप्पू चौधरी समेत कई नाम शामिल हैं। गयादीन अनुरागी, बृजलाल खाबरी, अखिलेश प्रताप सिंह आदि को भी चुनाव लड़ने के लिए बोला गया है। इसके अलावा 60 अन्य नामों पर भी प्रियंका गांधी अंतिम रूप से विचार कर रही हैं और इन नामों पर फैसला कर अगले हफ्ते तक जारी कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *