महिला आयोग में BJP ने प्रदर्शन कर अध्यक्ष से मांगा इस्तीफा

रायपुर
राज्य महिला आयोग के कार्यालय में तीन दिन पहले एक डाक्टर के साथ मारपीट किए जाने का विरोध करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को आयोग कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। महिला आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक पर आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने की मांग करते हुए राज्यपाल को पत्र सौंपा है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने आयोग अध्यक्ष के खिलाफ हाय-हाय, मुर्दाबाद के नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महिला आयोग में गुंडागर्दी चल रही है।

राज्यपाल को लिखे पत्र में भाजपा के प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि फरियादी महिला और आयोग अध्यक्ष की घनिष्ठता की जांच की जाए। पिटाई करने के आरोपित अभिषेक सिंह को महिला आयोग में कब और किसकी सिफारिश पर रखा गया? कार्यालय में लगे सीसीटीवी की फुटेज को सुरक्षित रखा जाए। पत्र में यह भी लिखा है कि आयोग अध्यक्ष द्वारा यह बयान देना कि डा.लाहोटी, आइजी काबरा के रिश्तेदार हैं, अत: पुलिस उचित कार्रवाई नहीं करेगी, ऐसा कहना एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का संविधान पर अविश्वास है, इसलिए आयोग अध्यक्ष को बर्खास्त किया जाए।

गौरतलब है कि चार सितंबर को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग के कार्यालय में आयोग अध्यक्ष किरणमयी नायक के निज सचिव अभिषेक सिंह ने एक महिला के साथ दुव्यर्वहार के मामले में सुनवाई में पहुंचे डा.मनोज लाहोटी को पीटा था। पिटाई के विरोध में डाक्टर के समर्थन में अनेक डाक्टर आयोग कार्यालय में धरने पर बैठ गए थे। मारपीट किए जाने की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। देर रात डाक्टरों ने आयोग अध्यक्ष के खिलाफ प्रदर्शन करके मुर्दाबाद के नारे लगाए थे। इसके बाद डाक्टर के साथ विवाद मामले में सुनवाई में पहुंची महिला लक्ष्मी पांडेय ने भी डाक्टर पर दुव्यर्वहार का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव मंगलवार को रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचे, जहां सुयश अस्पताल के डायरेक्टर डा. मनोज लोहाटी से मुलाकात कर उनका हाल जाना। महिला आयोग में पिटाई के बाद से डा. लाहोटी, रामकृष्ण केयर अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *