बिलासपुर में सुबह खिली धूप, गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना
बिलासपुर
धूप खिलने और ठंडी हवाओं के चलने से मौसम खुशनुमा हो गया। आसमान में बादलों के साथ लुका छीपी जारी है। इस बीच मौसम विभाग की मानें तो आसमान में बादल छाए रहेंगे। यह स्थिति दिनभर नहीं रहेगी। गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक फिलहाल 10 सितंबर तक मौसम ऐसा ही रहेगा। इसके बाद मौसम तंत्र बनने से परिस्थितियां बदलेंगी। बारिश की संभावना और अधिक बढ़ जाएगी। फिलहाल एक सुस्पष्ट निम्न क्षेत्र दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे लगे दक्षिण ओडिसा के ऊपर स्थित है, इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है।
मानसून द्रोणिका बीकानेर, भीलवाड़ा, इंदौर, भोपाल, गोंदिया, निम्न दाब के केंद्र होते हुए पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। एक विंड शियर जोन 18 डिग्री उत्तर में 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है।
प्रदेश में फिलहाल बिलासपुर सबसे गर्म जिला बना हुआ है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। जो प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान रहा। पेंड्रारोड में भी स्थिति लगभग एक समान थी। यहां तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
