एसबीआई मैनेजर को औरंगाबाद में मारी गोली, बाइक लूट हुए फरार

औरंगाबाद
एसबीआई रीजनल ऑफिस, औरंगाबाद के असिस्टेंट मैनेजर राजीव रंजन की बाइक मंगलवार को लूट ली गई। इस दौरान उन्हें गोली मार दी गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।  राजीव रंजन जिला मुख्यालय में एसबीआई के रीजनल ऑफिस में कार्यरत हैं। काम खत्म कर वे अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र में कठौतिया और खैरा खैरी मोड़ के बीच में एनएच-139 पर अपराधियों ने उनका पीछा कर उन्हें रोक लिया। उनकी पल्सर बाइक लूट ली और विरोध करने पर उनके पैर में गोली मार दी। इसके बाद अपराधी उनकी बाइक लेकर भाग निकले। उन्हें इलाज के लिए औरंगाबाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।  इस संबंध में औरंगाबाद के एसपी कान्तेश कुमार मिश्रा ने बताया कि असिस्टेंट मैनेजर को गोली मारने की सूचना मिली है। मुफस्सिल थाना के पदाधिकारी ने बताया कि कर्मी खतरे से बाहर है।  राजीव रंजन के दाहिने पैर में घुटने के उपर गोली लगी थी। अपराधियों ने गोली मारी जिसके बाद वे वहीं गिर पड़े। अपराधी आसानी से उनकी बाइक लेकर भाग निकले। इलाज के लिए उन्हें महाराजगंज रोड में एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया जहां एक्सरे की सुविधा नहीं थी। एक्सरे के लिए उन्हें हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ आशुतोष कुमार की क्लीनिक पर ले जाया गया। यहां एक्स-रे के क्रम में पता चला कि गोली पैर में फंसी हुई है।   इस संबंध में डॉ आशुतोष कुमार ने बताया कि बैंक कर्मी को उनके यहां एक्स- रे के लिए लाया गया था। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *