बीजेपी चुनाव लड़ने की मशीन, सत्ता के लिए साजिश रचना फितरत: तेजस्वी
पटना
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी न होकर केवल चुनाव लड़ने वाली मशीन है। सत्ता हासिल करने के लिए साजिश करना इस पार्टी की फितरत है। तेजस्वी खगड़िया नगर परिषद के अध्यक्ष और पप्पू यादव के खास माने जाने वाले मनोहर यादव के राजद में शामिल होने के मौके पर बोल रहे थे। मिलन समारोह प्रदेश राजद कार्यालय में आयोजित किया गया था। इस मौके पर पूर्व मंत्री भोलाराम तूफानी की पुत्री शशिकला देवी ने भी राजद की सदस्यता ग्रहण की। तेजस्वी यादव ने कहा कि सभी को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा। बेहतर बिहार के निर्माण के लिए भविष्य का रूपरेखा तय करके आंदोलन तथा संघर्ष का कार्यक्रम चलाना होगा। तेजस्वी ने दावा किया कि दो विधानसभा क्षेत्रों का उपचुनाव होना है और दोनों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित है। नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि केवल भाषण और आश्वासन के बल पर केन्द्र और बिहार में सरकार चल रही है। कोरोना खत्म होने के बाद खगडि़या सहित पूरे बिहार का दौरा करेंगे। दो बार बिहार विधान मंडल से प्रस्ताव पारित कर जातीय जनगणना कराने के लिए प्रस्ताव केन्द्र को भेजा गया। अगर केन्द्र सरकार ने बिहार के प्रतिनिधिमंडल की बातों को नहीं सुना तो हम आगे सड़क से लेकर सदन तक जनसंघर्ष का कार्यक्रम चलाएंगे।
राजद में फिर पोस्टर विवाद
खगड़िया नगर परिषद के अध्यक्ष मनोहर यादव के राजद में शामिल होने के मौके पर मंगलवार को आयोजित समारोह के पोस्टर में तेजप्रताप यादव नहीं दिखे। पोस्टर में लालू यादव और राबड़ी देवी के साथ केवल नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की तस्वीर दिखी। अन्य दूसरे नेता भी पोस्टर पर मौजूद थे, परंतु लालू के बड़े लाल को पोस्टर पर तवज्जो नहीं मिली। इससे पहले छात्र राजद के पोस्टर में तेजस्वी यादव की तस्वीर नहीं होना चर्चा में रहा था।
