प्रापर्टी डीलर को पहले मारी गोली, फिर चाकू से गोद डाला

नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली के डाबरी इलाके में 40 फुटा रोड पर मंगलवार शाम को भीड़ के बीच में एक प्रापर्टी डीलर को गोली मारने के बाद बदमाशों ने चाकू से एक दर्जन से ज्यादा वार किए और पिस्तौल लहराते हुए फरार हो गए। मामले की सूचना मिलने के बाद पहुंची  डाबरी थाना पुलिस ने मृतक चमन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर दो आरोपियों की पहचान कर ली है। दोनों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि मृतक चमन अपने परिवार के साथ डाबरी इलाके में रहता था। चमन फाइनेंसर और प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे शामिल है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि डाबरी 40 फुटा रोड पर चमन का आफिस है। जहां मंगलवार शाम को चमन अपने फुटपाथ पर कुर्सी डाल कर बैठा हुआ था। उसी समय दो बदमाशों ने चमन को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से चमन पर वार कर दिया। भीड़ के सामने आरोपियों ने करीब 15 बार चाकू से वार किए और पिस्तौल लहराते हुए वहां से फरार हो गए। भीड़ में से ही एक युवक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद डाबरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चमन को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।

परिजनों ने दो और प्रॉपर्टी डीलर पर शक जताया
पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ की और घटना स्थल के पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की प्राथमिक जांच के दौरान सामने आया है कि चमन का डाबरी के ही दो अन्य प्रॉपर्टी डीलर से झगड़ा चल रहा था। झगड़े में कई बार दोनों पक्षों की हाथापाई हो चुकी थी। ऐसे में पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर ली है। दोनों अपने घरों से फरार बताए जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। 

भीड़ के सामने मारते रहे चाकू
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने चमन पर पहले गोली मारी और फिर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने चमन पर एक के बाद एक 15 वार किए। मौके पर जमा लोग घटना को देखते रहे और वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने चमन को बचाने की कोशिश नहीं की। वारदात के बाद आरोपी पिस्तौल लहराते हुए भीड़ के बीच से निकल गए। उनके जाने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *