विराट कोहली ओवल मैदान पर टीम इंडिया की जीत से गदगद हुए, बोले- हम ड्रॉ के लिए नहीं खेलते

नई दिल्ली
इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट की पहली पारी में 99 रन से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए 157 रन से जीत दर्ज करने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने सोमवार को कहा कि एक कप्तान के रूप में उन्होंने जितना भी देखा है, यह उसमें भारतीय टीम के टॉप तीन गेंदबाजी प्रदर्शनों में से एक है। 'द ओवल' मैदान पर मैच के आखिरी दो दिन तेज गेंदबाजों को मदद नहीं मिल रही थी, लेकिन जसप्रीत बुमराह, उमेश यादव और शार्दुल ठाकुर ने आपस में सात विकेट चटका कर इंग्लैंड की दूसरी पारी को 210 रन पर समेट दिया। भारत ने मैच जीतने के साथ ही पांच मैचों की सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। कोहली ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, 'मैंने एक कप्तान के रूप में जितना भी देखा है, यह उसमें भारतीय टीम के टॉप तीन गेंदबाजी प्रदर्शनों में से एक है। और यह देखना शानदार रहा है। हमें एक टीम के रूप में विश्वास था कि हम सभी दस विकेट हासिल कर सकते हैं।' उन्होंने कहा कि, 'मुझे लगता है कि दोनों मैचों (लॉर्ड्स और ओवल)  में सबसे अच्छी बात टीम का जज्बा दिखाना रहा है। हम कभी मैच को बचाने (ड्रॉ) की मानसिकता से नहीं खेलते हैं। हम जीतने के लिए खेलते हैं और टीम ने जो जज्बा दिखाया है, उस पर वास्तव में गर्व है।'

बुमराह ने मैच में प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए दिन के दूसरे सेशन में ओली पोप और जॉनी बेयरस्टो को बोल्ड किया। कोहली ने कहा कि बुमराह उस समय खुद गेंदबाजी करना चाह रहे थे। उन्होंने कहा कि, 'जब गेंद रिवर्स स्विंग होने लगी तो बुमराह ने कहा कि मुझे गेंदबाजी करने दो, उन्होंने वह स्पैल डाला और उन दो बड़े विकेटों के साथ मैच के रुख को हमारी ओर मोड़ दिया।' कोहली ने माना कि टीम की जीत में शार्दुल ठाकुर के ऑलराउंडर प्रदर्शन की भूमिका काफी अहम थी। उन्होंने कहा कि, 'आपने उनके प्रदर्शन के बारे में बात की। रोहित की पारी शानदार थी। शार्दुल ने इस खेल में जो किया है, वह सामने है। उनकी दो फिफ्टी से हम विरोधी टीम को पछाड़ने में सफल रहे।'
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *