खजूरीकलां के किसान ने उगाई लाल भिंडी,कीमत 1000 रूपये किलो

भोपाल
सब्जियों की बात करें तो भिंडी  सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली सब्जियों में आती है। दिखने में खूबसूरत सुर्ख हरी और खाने मेंं लाजवाब स्वाद। यही वजह है कि भिंडी की खेती बड़े पैमाने पर होती है। इसे उगाना भी आसान है इसलिए कई लोग अपने किचन गार्डन में भी भिंडी की पैदावार करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी लाल भिंडी का ज़ायका लिया है।

भोपाल के खजूरीकलां में रहने वाले किसान मिश्रीलाल ने अपने खेत में ये लाल भिंडी उगाई है। इस नई तरह की पैदावार के बाद वो काफी मशहूर हो गए हैं और लोग दूर दूर से उनके खेत में लाल भिंडी देखने आ रहे हैं। ये भिंडी मॉल और पॉश इलाकों में काफी महंगे दामों पर बिकती है। सामान्य हरी भिंडी जहां 70 से 100 रूपये किलो में मिल जाएगी, वहीं लाल भिंडी 300 से 400 रूपये में 250 ग्राम या 500 ग्राम बिकती है। इसका स्वाद भी काफी अच्छा होता है और ये सेहत के लिए भी गुणकारी मानी जाती है, इसमें एंटी ऑक्सीडेंट, आयरन और कैल्शियम सहित कई पोषक तत्व होते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अमूमन इसकी खेती यूरोपियन देशोंं में होती थी और कुछ समय पहले तक इसे भारतीय बाजार के लिए आयात किया जाता था। मिश्रीलाल राजपूत एक बार बनारस के इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ वेजिटेबल रिसर्च सेंटर में ट्रेनिंग के लिए गए थे। वहीं उन्हें लाल भिंडी के बारे में जानकारी मिली और उन्होने इसकी खेती के तरीके के बारे में जाना। बनारस से ही उन्होने 2400 रूपये में इसके बीज खरीदे और फिर लौटकर उन्होने अपने खेत में लाल भिंडी की खेती शुरू कर दी। इस लाल भिंडी ने इन्हें काफी लोकप्रिय कर दिया है और अब दूसरे कई किसान भी इन्हें देखकर इसकी खेती में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। एक एकड़ में लगभग 40 से 50 क्विंटल तक लाल भिंडी का उत्पादन होता है और इसकी फसल हरी भिंडी के मुकाबले जल्दी पक जाती है। इसके फूल देखने में काफी खूबसूरत होते हैं और इनमें आसानी से कीड़े या इल्लियां भी नहीं लगती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *