सोमवती अमावस्या पर ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान को उमड़े श्रद्धालु
ओंकारेश्वर
सोमवती और पोला अमावस्या पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में नर्मदा स्नान और भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शनों के लिए सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक भीड़ नागर घाट और नर्मदा-कावेरी संगम पर है। अमावस्या सोमवार को होने तथा आज पोला होने से नर्मदा स्नान का महत्त्व बढ़ गया है। इसके चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंच रहे हैं। रविवार को अवकाश के चलते भीड़ रही। इसके चलते दो दिनों से तीर्थनगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ है।
सोमवार को नर्मदा के विभिन्न घाटों पर सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर में 12 बजे बाद घाटों से लेकर ज्योतिर्लिंग मंदिर तक भीड़ बढ़ जाएगी। इससे मंदिर में दर्शनों के लिए लोगों को कतार में इंतजार करना पड़ेगा। नर्मदा स्नान और भगवान ओंकारेश्वर -ममलेश्वर महादेव के दर्शन बाद कई श्रद्धालु ओंकार पर्वत की परिक्रमा भी लगा रहे हैं।
