अंजिक्य रहाणे पर बरसे पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण

नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज अब तक बराबरी पर रही है। किसी टेस्ट में भारत मजबूत हो जाता है तो कभी इंग्लैंड वापसी करता है। इन सभी के बीच भारत के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे खराब फॉर्म से जुझ रहे हैं। लॉर्ड्स टेस्ट में बनाए गए बहुमूल्य रनों और पुजारा के साथ की गई साझेदारी के अतिरिक्त रहाणे का बल्ला उनसे रूठा हुआ है। ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में जब पिच बल्लेबाजी के अनुकूल थी तब रहाणे बिना कोई स्कोर बना कर पवेलियन लौट गए। लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे रहाणे की कड़ी आलोचना होनी शुरू हो गई है क्योंकि रहाणे मध्यक्रम को वो मजबूती प्रदान नहीं कर पा रहे हैं जैसा वे हुआ करते थे। अब भारत के पूर्व बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने रहाणे को लेकर बड़ी बात कही है। लक्ष्मण ने रहाणे को कुछ दिनों के लिए ब्रेक पर भेज देना चाहिए।  ईएसपीएन से बात करते हुए इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने रहाणे को लेकर कहा, 'अब समय आ गया है कि रहाणे को ब्रेक दिया जाए। मुझे नहीं पता कि आगे उनके साथ क्या होने वाला है। वे एक क्वालिटी प्लेयर हैं और मैं हमेशा इस बात में विश्वास रखता हूं कि क्वालिटी प्लेयर वापसी जरूर करते हैं। लेकिन जैसा फॉर्म और आत्मविश्वास उन्होंने पिच पर दिखाया है, अपनी (ओवल टेस्ट दूसरी पारी) आठ गेंदों की पारी में वे कभी भी प्रभावी नहीं दिखे।' उन्होंने आगे कहा, 'रवीन्द्र जडेजा को नंबर 6 पर भेजना, इस बात का संकेत था कि रहाणे का फॉर्म खराब चल रहा है और उनमें आत्मविश्वास की कमी है।'  लक्ष्मण ने बताया कि आखिरी और पांचवें टेस्ट मैच में हनुमा विहारी को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, 'आप किसी भी टेस्ट मैच में ऐसी मानसिकता के साथ नहीं उतर सकते, खासकर तब जब आप सीनियर टीम का हिस्सा हैं। मुझे लगता है कि ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट मैच में रहाणे के बदले हनुमा विहारी को मौका मिल सकता है।'
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *