सैयद अली शाह गिलानी के निधन पर पाकिस्तान का प्रॉपेगेंडा लगातार जारी, अब बीजेपी सरकार को बताया फासीवादी

 नई दिल्ली 
जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी के निधन पर पाकिस्तान का प्रॉपेगेंडा लगातार जारी है। इसकी कमान खुद पाकिस्तान के पीएम इमरान खान ने संभाली हुई है। पहले गिलानी की मौत पर शुक्रवार को पाकिस्तान ने भारतीय राजनयिक को तलब किया और अब रविवार को खुद इमरान खान ने ट्वीट कर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है। खान ने एक खबर ट्वीट की। यह खबर गिलानी के शव को पाकिस्तानी झंडे में लपेटे जाने का मामला सामने आने के बाद हुई एफआईआर को लेकर थी। इसके साथ इमरान खान ने लिखा, 'कश्मीर के सम्मानजक और सिद्धांतवादी नेताओं में से एक 92 वर्षीय सैयद अली गिलानी के शव को छीनना और फिर उनके परिवार के खिलाफ केस दर्ज करना नाजी प्रेरित आरएसएस-बीजेपी सरकार के तहत भारत का फासीवाद की ओर पतना का एक और शर्मनाक उदाहरण है।'

इससे पहले शुक्रवार को भी पाकिस्तान ने भारतीय राजनयिक को तलब किया था। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से यह आरोप लगाया गया था कि भारतीय सुरक्षाबलों ने गिलानी के शव को परिजनों से छीन लिया और परिवार वालों की मर्जी के मुताबिक शव को दफनाने नहीं दिया गया। पाकिस्तान ने इसे अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और मौलिक अधिकारों का उल्लंघन तक बता दिया। 
 
बता दें कि शनिवार को गिलानी के शव को पाकिस्तानी झंडे में लपेटने का मामला सामने आने के बाद बडगाम पुलिस ने एफआईर दर्ज की थी। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस वीडियो के सामने आने के बाद जम्मू कश्मीर पुलिस ने UAPA के तहत केस दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *