जिले में 7 सितम्बर को सभी राशन दुकानों पर मनाया जायेगा अन्नोत्सव
मुरैना
मुरैन जिले की समस्त उचित मूल्य दुकानों पर 7 सितम्बर को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इस कार्यक्रम के तहत पात्रताधारी परिवार को निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण बेग में किया जायेगा। इस उत्सव के दौरान उपस्थित नोडल अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हितग्राहियों को मिलने वाले नियमित एवं निःशुल्क राशन का वितरण किया जायेगा।
प्रभारी कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने जिले के समस्त राजस्व एवं खाद्य विभाग के अमले को निर्देशित किया है कि उनके क्षेत्र में 7 सितम्बर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्था अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ले। जिससे गरीबो को उनके हक का मिलने वाला खाद्यान्न लेने में किसी प्रकार की परेशानी न आने पाये। प्रभारी कलेक्टर ने बताया कि अन्न उत्सव समारोह पूर्वक आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के पात्र परिवार को प्रति सदस्य 5 किलो खाद्यान्न के मान से 10 किलो के बैग में पात्रता अनुसार निःशुल्क राशन प्रदान किया जाएगा। इसके लिए जिले में राशन की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
