पीएम मोदी ने देशभर के शिक्षकों को बधाई दी, महामारी के दौरान योगदान को सराहा

नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शिक्षक दिवस के मौके पर देशभर के शिक्षकों को बधाई दी है। जिस तरह से कोरोना महामारी के दौरान शिक्षकों ने छात्रों की शिक्षा का ध्यान रखा उसकी पीएम मोदी ने तारीफ की है। प्रधानमंत्री ने ट्वीट करके लिखा, शिक्षक दिवस के मौके पर मैं पूरे शिक्षक समुदाय को बधाई देता हूं, जिन्होंने युवा को बेहतर दिशा दिखाने में विशेष योगदान दिया है। यह तारीफ के काबिल है कि किस तरह से शिक्षकों ने कोरोना महामारी के दौरान भी नए तरीकों का इस्तेमाल करके छात्रों की शैक्षिक यात्रा को सुनिश्चित किया। इसके साथ ही पीएम मोदी ने देश के पहले उपराष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन को भी उनके जन्मदिन के मौके पर याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। देश के लिए उनके योगदान को पीएम मोदी ने याद किया।

बता दें कि शिक्षक दिवस देश में डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन के मौके पर देशभर में हर साल 5 सितंबर को मनाया जाता है। डॉक्टर राधाकृष्णन का जन्म 5 सितंबर 1888 में हुआ था, उन्होंने देश की शिक्षा की दिशा में विशेष योगदान दिया था। जिसकी वजह से उनकी जन्मदिन के मौके पर राधाकृष्णन के सम्मान में 1962 के बाद हर साल देश में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के तौर पर मनाया जाता है। देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी शनिवार को शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर देश के सभी शिक्षकों को बधाई दी थी। राष्ट्रपति ने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के विशेष योगदान के लिए उनका धन्यवाद दिया।

इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी देशभर के शिक्षको को शिक्षक दिवस की बधाई दी और सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया। योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके लिखा, शिक्षक दिवस की सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। गुरु, शिष्य के चरित्र एवं भविष्य के निर्माता होते हैं, ज्ञान के दीप को प्रज्ज्वलित कर अज्ञानता के तिमिर को हराते हैं। राष्ट्र-निर्माण में निरंतर रत सभी आदरणीय गुरुजनों को शत् – शत् नमन
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *