प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल, 14 जिलों के कलेक्टर और 11 जिलों के एसपी बदले
भोपाल
मध्यप्रदेश में शनिवार को 27 आईएएस अधिकारियों के ट्रांसफर के बाद 35 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए। इसमें 14 स्पेशल डीजी, एडीजी और आईजी रैंक के अधिकारी शामिल हैं। 21 एसपी रैंक के अधिकारी शामिल हैं। सरकार ने आगामी उपचुनाव वाले जिले निवाड़ी और आलीराजपुर के कलेक्टर के बाद एसपी को भी हटा दिया है। वहीं, खेल संचालक पवन जैन को डीजी होम गार्ड बनाया गया है। उनकी जगह आईपीएस अधिकारी रवि कुमार गुप्ता को खेल संचालक बनाया गया है।
नौ कलेक्टरों को मंत्रालयों में या अन्य विभागों में तैनात किया
लंबे समय से टलते आ रहे बड़े प्रशासनिक फेरबदल को सरकार ने मूर्त रूप दे दिया है। 14 जिले के कलेक्टरों के साथ कुल 27 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। नौ कलेक्टरों को मंत्रालयों में या अन्य विभागों में तैनात किया गया है। अभय कुमार वर्मा द्वारा ओएसडी सह आयुक्त लोक शिक्षण मप्र का कार्यभार ग्रहण करने पर अनुभा श्रीवास्तव आयुक्त लोक शिक्षण मप्र के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त होंगी।
