पुरंदेश्वरी के विवादास्पद बयान को बघेल ने किसानों का अपमान बताया
रायुपर
भाजपा के चिंतन शिविर में प्रदेश भाजपा प्रभारी डी.पुरंदेश्वरी के विवादित बयान पर आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ कांग्रेस मुख्यालय में पीसी करते हुए कहा कि उनका नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ के किसानों का अपमान हुआ है। हम महिलाओं का सम्मान करते हैं। पर किसानों का अपमान नहीं सहेंगे,दरअसल किसान बेटे का मुख्यमंत्री बनना ही भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। अब वे थूकने तक निम्न स्तर का बयान दे रहे हैं। भाजपा संगठन को इसके लिए प्रदेश के किसानों से माफी मांगना चाहिए।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री ने पत्रकारवार्ता ली,उनके साथ मंत्री रविन्द्र चौबे, मो. अकबर, शिव डहरिया, अमरजीत भगत, प्रेमसाय सिंह टेकाम, उमेश पटेल और कवासी लखमा भी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि भाजपा के जगदलपुर चिंतन शिविर के समापन दिवस पर प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने कहा था कि भाजपा कार्यकर्ता सब मिलकर थूक देंगे तो भूपेश बघेल और उनका मंत्रिमंडल बह जाएगा। बघेल ने कहा कि हम महिलाओं का सम्मान करने वाले लोग है इसलिए पुरंदेश्वरी के बारे में कुछ नही कहेंगे। एक तरफ भाजपा के संगठन मंत्री को किसान का मुख्यमंत्री होना चुनौती है,वहीं थूकने की बात कहते है। किसान पहले हूं बाद में मुख्यमंत्री इसलिए भाजपा के लोग किसानों पर ही थूकने की बात कर रहे हैं।
शिविर में भाजपा की चिंता बस्तर की नहीं, आदिवासियों की नही, नक्सली समस्या नहीं बल्कि धर्मान्तरण, छत्तीसगढ़ सरकार और ओबीसी को साधने की थी। उनके एक प्रभारी ने कहा कि सबसे बड़ी चुनौती छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और उनका किसान होना था।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती माता कौशल्या, मिनीमाता की है, इसलिए नारियों को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है। पुरंदेश्वरी मेरे लिए सम्मानित हैं। थूकने का मतलब है नफरत करना है, घृणा करना। इससे पता चलता है कि आपके मन में कितनी घृणा है।
इस मौके पर उपस्थित वरिष्ठ मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि ऐसा ब्यान भाजपा नेताओं की किसानों के प्रति निकृष्ट सोच की पराकाष्ठा है,तीन दिन के चिंतन में केवल थूक निकल पाया .हमारे लोकतांत्रिक देश मे ऐसी भाषा का कोई स्थान नही है .छग की जनता किसानों के इस अपमान का प्रजातांत्रिक तरीके से विरोध करेगी। चिंतन शिविर में भाजपा में बारिश नही होने से जो सूखा पड़ा है उसकी नहीं चिंता है,बल्कि भाजपा में सूखा पड़ा है उसको दूर करने की है। एक अन्य मंत्री मो अकबर ने कहा कि थूकना महामारी अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है अगर कोई शिकायत कर देगा तो उन पर कार्रवाई भी हो सकती है।
