शटलर प्रमोद भगत ने जीता गोल्ड, मनोज सरकार को ब्रॉन्ज

टोक्यो
 टोक्यो पैरालंपिक (Tokyo Paralympics) में भारत के खाते में चौथा गोल्ड मेडल आ गया है. प्रमोद भगत (Pramod Bhagat) बैडमिंटन मेंस सिंगल्स एसएल3 (Badminton Men's Singles SL3) इवेंट में चैंपियन बने.

 
प्रमोद ने रचा इतिहास

बैडमिंटन को इस साल पहली बार पैरालंपिक गेम्स में शामिल किया गया है. दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी प्रमोद भगत (Pramod Bhagat) पैरालंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं. भगत ने योयोगी नेशनल स्टेडियम में 45 मिनट तक चले रोमांचक फाइनल में दूसरी सीड के प्लेयर डेनियल बेथेल (Daniel Bethell) को 21-14 21-17 से मात दी.

एसएल3 वर्ग में ही मनोज सरकार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता. उत्तराखंड के रहने वाले मनोज ने ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में जापान के डाइसुके फुजिहारा को 46 मिनट में 22-20, 21-13 से शिकस्त दी. गौरतलब है कि मनोज सरकार को सेमीफाइनल में डेनियल बेथेल ने हरा दिया था.

इसके साथ ही भारत के पदकों की संख्या 17 हो गई. वर्ल्ड नंबर-1 प्रमोद ने यह खिताबी मुकाबला 45 मिनट में अपने नाम किया. सेमीफाइनल में उन्होंने जापान के डाइसुके फुजिहारा को 21-11, 21-16 से हराया था.

 
पीएम मोदी ने दी प्रमोद को बधाई

पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गोल्डन ब्वॉय को मुबारकबाद दी है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'प्रमोद भगत ने पूरे देश का दिल जीत लिया है, वो चैंपियन हैं. उनकी कामयाबी लाखों लोगों को मोटिवेट करेगी. उन्होंने जबर्दस्त दृढ़ संकल्प दिखाया. उन्हें बैडमिंटन में गोल्ड जीतने की बधाई. उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं.'
मौजूदा पैरालंपिक में भारत ने अब तक 17 पदक जीते हैं. भारत के खाते में अब 4 स्वर्ण, 7 रजत और 6 कांस्य पदक हैं. यह पैरालंपिक के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. रियो पैरालंपिक (2016) में भारत ने 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीते थे.  

ऐसा रहा प्रमोद भगत का मुकाबला

पहले गेम में दूसरी वरीयता प्राप्त बेथेल ने शानदार शुरुआत करते हुए एक समय 6-3 की बढ़त बना ली थी. लेकिन इसके बाद प्रमोद भगत ने लगातार पांच प्वाइंट लेकर स्कोर 8-6 कर दिया. गेम अंतराल के समय भारतीय खिलाड़ी ने 11-8 की बढ़त बना ली. फिर ब्रिटिश खिलाड़ी ने आठ अंक बटोरकर वापसी की कोशिश की, लेकिन यह नाकाफी था. अंततः प्रमोद भगत ने पहले गेम को 21 मिनट में जीत लिया.

दूसरे गेम में भी बेथेल ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए गेम अंतराल के समय 11-4 की बढ़त ले ली थी. फिर प्रमोद भगत ने लगातार प्वाइंट्स बटोर कर स्कोर 15-15 से बराबर कर दिया. यहां से भारतीय खिलाड़ी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 24 मिनट में 21-17 से दूसरा गेम जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया.

पैरालंपिक में प्रमोद का सफर

प्रमोद भगत ने ग्रुप-ए में अपने दोनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी. बुधवार को अपने पहले मुकाबले में उन्होंने हमवतन मनोज सरकार को 21-10, 21-23 से पराजित किया था. इसके बाद प्रमोद ने गुरुवार को यूक्रेन के ओलेक्सांद्र चिरकोव को 21-12, 21-9 से हराया. फिर शनिवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबले में प्रमोद ने जापान के डाइसुके फुजिहारा को 21-11, 21-16 से पटखनी दी.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *