मानसून की बेरुखी से गांववाले परेशान, अपना रहे अजीबो-गरीब टोटके

रतलाम
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मानसून की बेरुखी से गांववाले परेशान हैं. उन्होंने अब अच्छी बारिश और इंद्र देव को मनाने के लिए एक बार फिर टोटकों का सहारा लेना शुरू कर दिया है. नामली गांव में अच्छी बारिश के लिए ग्रामीणों ने गांव के पटेल को गधे पर बैठाकर घुमाया. ग्रामीण क्षेत्रों में मान्यता है कि बारिश नहीं होने पर इंद्र देव को प्रसन्न करना पड़ता है.

देवी-देवताओं को खुश करने के लिए गांव का मुखिया गांव से मुक्तिधाम तक गधे की सवारी करता है. इसके बाद देवी-देवताओं की पूजा करने से अच्छी बारिश होती है. इसी मान्यता के तहत यहां गांव के पटेल आत्माराम पटेल को गधे की सवारी करवाई गई. ढोल-ढमाकों के साथ शोभायात्रा निकाली गई. यात्रा निकालने वाले ग्रामीणों ने बताया कि पुराने दौर में बारिश नहीं होने पर रूठे इंद्रदेव को मनाने के लिए गांव के राजा या पटेल गधे पर बैठकर सवारी करते हुए मुक्तिधाम जाते थे. वर्तमान में गांव के सरपंच और पटेल ही गांव के मुखिया होते हैं. इसलिए इंद्रदेव को मनाने के लिए गधे की सवारी निकाली जा रही है.
विज्ञापन

दरअसल, रतलाम जिले में मानसून की शुरुआत के साथ ही बादलों की लुकाछिपी का दौर जारी है. किसानों ने बताया कि उनकी सोयाबीन की फसल पकने की स्थिति में है. लेकिन, पिछले 15 दिनों से अच्छी बरसात नहीं होने की वजह से फसल की चिंता सताने लगी है. इसलिए इस तरह के टोटकों का सहारा लेना पड़ रहा है.

मध्य प्रदेश में  एक बार फिर से मानसून की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है. मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की-हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है. तीन दिन बाद प्रदेश में सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश का एक और दौर शुरू होगा. प्रदेश में अभी तक सामान्य से 8% कम बारिश हुई है. प्रदेश के 32 जिलों में अभी भी सूखे का खतरा बरकरार है.

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 24 घंटे में भोपाल, होशंगाबाद, उज्जैन, इंदौर, संभाग, रीवा, शहडोल, जबलपुर, ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. आने वाले 2 से 3 दिनों बाद बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है. इस सिस्टम के ज्यादा सक्रिय होने की संभावना है. यह सितंबर का सबसे बड़ा सिस्टम बताया जा रहा है. सिस्टम के सक्रिय होने से 6 सितंबर से 9 सितंबर तक यानी 3 से 4 दिनों तक लगातार तेज बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *