बॉलिंग के बेताज बादशाह जेम्स एंडरसन ने बैटिंग में अपने नाम किया यह बेहद स्पेशल रिकॉर्ड

नई दिल्ली 
वैसे तो इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन को दुनिया उनकी तूफानी और स्विंग गेंदबाजी के लिए जानती है, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने भारत के खिलाफ लंदन के केनिंग्टन ओवल में बल्लेबाजी में एक खास कारनामा किया है। भारत के पहली पारी में बनाए 191 रनों के जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 290 रनों पर समाप्त हुई। इंग्लैंड को इस तरह पहली पारी के दौरान आधार पर 99 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल हुई। इंग्लैंड का आखिरी विकेट क्रिस वोक्स के रूप में गिरा, जो 50 रनों की शानदार पारी खेलकर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से एंडरसन एक रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह एंडरसन ने नाबाद रहने के मामले में खास 'सेंचुरी' मार दी है।

 
ओवल में इंग्लैंड की पारी समाप्त होते ही एंडरसन के नाम टेस्ट क्रिकेट में 100 बार नाबाद पवेलियन लौटने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। यह एक ऐसा रिकॉर्ड है, जो दुनिया के दिग्गज बल्लेबाज तक नहीं बना पाए हैं। खास बात यह है कि इस लिस्ट में उनके आसपास कोई अन्य खिलाड़ी मौजूद नहीं है। उनके बाद इस लिस्ट में जो खिलाड़ी मौजूद है, उनके और एंडरसन के बीच 39 नंबर का फर्क है। वेस्टइंडीज के कर्टनी वॉल्श के नाम एंडरसन के बाद टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा नाबाद पवेलियन लौटने का रिकॉर्ड है। उन्होंने यह कारनामा 61 बार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *