यात्रियों का बचेगा समय और पैसा- साल के अंत तक जुड़ेंगी ग्रीन और पिंक लाइन
नई दिल्ली
दिल्ली मेट्रो के पूरे नेटवर्क को जोड़ने वाली सबसे बड़ी 58 किलोमीटर की पिंक लाइन (मजलिस पार्क से शिव विहार) कॉरीडोर इस वर्ष के अंत तक ग्रीन लाइन (बहादुरगढ़ से कीर्ति नगर) के साथ जुड़ जाएगी। अभी यह लाइन इकलौता कॉरीडोर है जो पिंक लाइन के ऊपर से तो गुजरती है मगर उसके साथ कोई इंटरचेंज स्टेशन नहीं है। डीएमआरसी पिंक लाइन के पंजाबी बाग पश्चिमी मेट्रो स्टेशन के साथ ग्रीन लाइन को जोड़ने के लिए यहां 230 मीटर एफओबी बना रही है, जिसे इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। यह एफओबी पंजाबी बाग पर बनेगा।
अपने आप में अनोखा होगा
डीएमआरसी ग्रीन और पिंक लाइन के यात्रियों की सहूलियत के लिए पहली बार ऐसे एफओबी का निर्माण कर रही है। ग्रीन लाइन कॉरीडोर जो पंजाबी बाग गोल चक्कर के पास से गुजर रहा है, वहां ग्रीन लाइन स्टेशन के बजाए बीच ट्रैक के साथ एक स्टील की संरचना का प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। इसे एफओबी के साथ जोड़ा जाएगा, जो सीधे पिंक लाइन के पंजाबी बाग पश्चिमी मेट्रो स्टेशन से जुड़ेगा। ग्रीन लाइन के इस प्लेटफार्म पर कोई टिकटिंग या अतिरिक्त सेवा नहीं होगी। सिर्फ पिंक लाइन पर जाने वाले यात्रियों के लिए यहां ट्रेन रोकने और उतरकर जाने की व्यवस्था होगी।
