पुलिसवाले ने दंपति को गृहमंत्री के रूट पर जाने से रोका तो बुरी तरह पीटा, वर्दी फाड़ी, भीड़ ने बचाई जान

 नई दिल्ली 
गृहमंत्री के रूट में ड्यूटी कर रहे एक पुलिसकर्मी को कार सवार दंपत्ति ने जमकर पीटा और उसकी वर्दी फाड़ दी क्योंकि पुलिसकर्मी ने दंपति को गृहमंत्री के रूट में जाने से रोका था। आरोपी पति पत्नी ने एक बार पीटने के बाद फिर पुलिसकर्मी का पीछा कर उसे दोबारा पीटा। मौके पर जमा भीड़ ने पुलिसकर्मी को आरोपियों से बचाया। जिसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत सुब्रातो पार्क पुलिस चौकी में शिकायत दी। हेडकांस्टेबल की शिकायत मिलने पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी पति पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित हेडकांस्टेबल शिव नारायण सुब्रतो पार्क पुलिस चौकी में तैनात है। पीड़ित हेडकांस्टेबल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी ड्यूटी गृहमंत्री अमित शाह के वीवीआईपी रूट में लगी हुई थी। बारिश के चलते रूट के रास्ते में पानी भरा हुआ था। ऐसे में वहां कई बाइक फंस गई थी। पीड़ित हेडकांस्टेबल लोगों की मदद से बाइक हटा रहा था। इसी दौरान एक कार में पति-पत्नी वहां पहुंच गए। हेडकांस्टेबल ने कार सवार दंपति भवानी शंकर और रीना को वीवीआईपी रूट के बारे में बताया और वहां से कार हटाने के लिए कहा। जिस पर दोनों हेडकांस्टेबल से झगड़ा करने लगे। 
  
झगड़े के दौरान आरोपियों ने हेडकांस्टेबल को पीटना शुरू कर दिया। हेडकांस्टेबल आरोपियों से बचकर एक ऑटो में बैठकर भागने लगा। जिस पर आरोपियों ने गाड़ी से उसका पीछा किया और ऑटो रोककर उसे फिर से जमकर पीटा और उसकी वर्दी फाड़ दी। पुलिसकर्मी को पीटते हुए देखकर भीड़ ने उसकी मदद की और आरोपियों से बचाया। इसके बाद पुलिसकर्मी ने वहां से चौकी पहुंचकर अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत पुलिस को दी। चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को पकड़ लिया। सुब्रतो पार्क चौकी पुलिस ने हेडकांस्टेबल के बयान पर केस दर्ज कर आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *