भागलपुर में रिटायर्ड प्रोफेसर के बेटे की हत्या, कॉल कर घर से बाहर बुलाया, मां के सामने मार दी गोली

भागलपुर 
भागलपुर जिले के तातारपुर क्षेत्र के अमीर हसन लेन में टीएमबीयू में पीजी बॉटनी के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. शहाब अहमद के बेटे सैफ शहाब (26) की घर के गेट पर मां के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गयी। शुक्रवार देर शाम पौने आठ बजे बदमाशों ने कॉल कर सैफ को बुलाया और घर से निकलते ही बाइक सवार बदमाशों ने सिर में पीछे से गोली मार दी। परिजन सैफ को लेकर मायागंज पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सैफ बीसीए फाइनल ईयर का छात्र था।

परिजनों ने बताया कि बाइक से तीन बदमाश आये थे। बदमाशों ने पहले गेट खटखटाया। जोर से दरवाजा खटखटाने की आवाज सुनकर सैफ की मां शेरुण निशा बाहर निकली और पूछा कि कौन है। वह समझ गयी कि कोई लफंगा है, इसलिए गेट नहीं खोला। खटखटाने पर गेट नहीं खुला तो बदमाश ने सैफ के मोबाइल पर कॉल कर उसे बाहर बुलाया। सैफ जैसे ही बाहर निकला, उसकी मां भी पीछे से निकल गयी। उस समय बिजली कटी हुई थी। मां ने बताया कि बाइक पर तीन लड़के सवार थे। कुछ ही सेकेंड की बातचीत के बाद बाइक पर पीछे बैठे लड़के ने मुड़कर सैफ को गोली मार दी। मां के सामने ही बेटा गोली लगने पर गिर पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *