जिले में टीम भावना से कानून व्यवस्था प्रबंधन कार्य सराहनीय – गृह मंत्री डॉ. मिश्रा

भोपाल

गृह मंत्री डॉ.नरोत्तम  मिश्रा ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बुरहानपुर में टीम भावना से किए जा रहे कार्यो की सराहना की। गृह मंत्री डॉ. मिश्रा बुरहानपुर के कोतवाली थाना स्थित पुलिस कन्ट्रोल रूम में बैठक कर समीक्षा कर रहे थे।

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाए। विवेचना का कार्य तेजी से सुनिश्चित किया जा कर शीघ्रता से अपराधियों को सजा दिलाए जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति घटित होने वाले अपराधों में कमी लाया जाना निहायत ही जरूरी है, इसमें किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। डॉ. मिश्रा ने एफ आई आर- आपके द्वार और ई -एफ आई आर पर चर्चा करते हुए जिले में  क्रियान्वयन बेहतर करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढा ने जिले में कानून व्यवस्था के संबंध में की गई कार्यवाहियाँ एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने जिले में महिलाओं के विरूद्ध घटित आपराधिक प्रकरणों, रासुका प्रकरणों, एसटी/एससी पर घटित आपराधिक प्रकरणों एवं चिन्हित अन्य अपराधों पर की गई कार्यवाहियों के साथ ही अवैध शराब माफियाओं के विरूद्ध की गई कार्यवाहियों की विस्तृत रूप से जानकारी दी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीमति अर्चना चिटनिस, विधायक बुरहानपुर ठा. सुरेंद्र सिंह, विधायक नेपानगर श्रीमती सुमित्रा देवी कास्डैकर, पुलिस महानिरीक्षक हरिनारायणचारी मिश्र, पुलिस उप महानिरीक्षक तिलक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

डॉ. मिश्रा ने अटल स्मृति स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित की

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बुरहानपुर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की स्मृति में बनाए गए अटल स्मृति स्थल पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनीस व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

डॉ. मिश्रा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्व.पटेल के परिजनों से की मुलाकात

गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा बुरहानपुर प्रवास के दौरान सांसद व भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष स्व. नंदकिशोर सिंह चौहान के निवास पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। डॉ. मिश्रा ने कहा कि नंदू भैया हमारी स्मृतियों में चिर- स्थाई रूप से रहेंगे।  अपने क्षेत्र और प्रदेश के लिए किए गए उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *