रिपब्लिक टीवी ने तालिबानी याकूब की जगह लगा दी हाजी याकूब की फोटो, एसएसपी से शिकायत
मेरठ
रिपब्लिक टीवी चैनल ने अपने एक कार्यक्रम के दौरान तालिबानी मुल्ला याकूब की जगह मेरठ के बसपा नेता और पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की फोटो प्रसारित कर दी। इस पर हाजी याकूब कुरैशी ने छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए गुरुवार शाम को मेरठ एसएसपी से मुलाकात की और शिकायत दर्ज कराई। साथ ही दो थानों में अलग-अलग लोगों ने भी तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बसपा नेता और पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि रिपब्लिक न्यूज चैनल पर तालिबान के संस्थापक मुल्ला उमर के बेटे मुल्ला याकूब से जुड़ी खबर दिखाई जा रही थी। इसमें मुल्ला याकूब की जगह उनकी तस्वीर चला दी गई। इससे जुड़ी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना से उनके सम्मान को ठेस पहुंची है। याकूब ने चैनल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
मेडिकल और रेलवे रोड थाने में तहरीर
वीडियो वायरल होने के बाद मेरठ के दो अलग-अलग थानों में भी तहरीर दी गई है। एक तहरीर मेडिकल थाने में चाणक्यपुरी निवासी विक्रांत त्यागी की ओर से दी गई है। वहीं, देर शाम भारतीय समाज पार्टी के महानगर अध्यक्ष हाजी अब्दुल कद्दूस कुरैशी अपने साथियों के साथ रेलवे रोड थाने पहुंचे। मामले को समाज में द्वेष फैलाने वाला कृत्य बताते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
