लखनऊ में वायरल बीमारियों का कहर, 40 बच्चों समेत 400 से अधिक मरीज अस्पतालों में एडमिट
लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम में हुए बदलाव की वजह से वायरल बीमारियां कहर बरपा रही हैं। लखनऊ में अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में 40 बच्चों समेत 400 से ज्यादा वायरल मरीज भर्ती हैं। जिसमें से ओपीडी में 20 फीसदी मरीज बुखार, सर्दी और कंजेशन की शिकायत को लेकर आए हैं। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि ये मौसमी फ्लू हैं, जो बारिश की मौसम में ज्यादातर होता है। वायरल फीवर के मरीज अचानक से बढ़ जाने से अस्पतालों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्रशासन की ओर से अस्पतालों में निर्देश दिए गए हैं कि बिना कोविड एंटीजन टेस्ट किए मरीजों को ओपीडी सेक्शन में एडमिट ना किया जाए। लखनऊ के अस्पतालों के मुताबिक पिछले एक हफ्ते में वायरल मरीजों की संख्या में करीब 15 फीसदी का इजाफा हुआ है। अगस्त के तीसरे हफ्ते में बुखार पीड़ितों की संख्या लगभग 5 प्रतिशत ज्यादा थी।
लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल, सिविल अस्पताल और लोहिया संस्थान में हाल के दिनों में सबसे ज्यादा वायरल होने वाले अधिकांश मामलों को देखा गया है। ओपीडी में बुखार की शिकायत को लेकर 300 से अधिक मरीज एडमिट हो चुके हैं। वहीं महानगर भाऊराव देवरस, रानी लक्ष्मीबाई, लोकबंधु, राम सागर मिश्रा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी बुखार पीड़ितों की संख्या लखनऊ में लगातार बढ़ती जा रही है।
