दीपिका पादुकोण ने एसिड अटैक फाइटर बाला के उपचार को दिए 10 लाख रुपये

आगरा
आगरा कैफे ‘शीरोज हैंगआउट’ से जुड़कर अपनी जिंदगी संवार रहीं 25 वर्षीय बाला प्रजापति की गंभीर बीमारी के उपचार के लिए अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने हाथ बढ़ाया है। बाला दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहीं हैं। उनकी दोनों किडनी फेल हो गई हैं। वे डायलिसिस पर हैं। बाला को उपचार के लिए 16 लाख रुपये की आवश्यता है। उनकी मदद के लिए दीपिका ने दस लाख रुपये की सहायता राशि दी है। बिजनौर की रहने वाली बाला के परिवार में माता, पिता और तीन छोटे भाई हैं। बाला के पिता पेशे से किसान हैं। साल 2012 में बाला और उनके दादा जी के ऊपर मकान मालिक ने तेजाब से हमला किया था। बाला के परिवार में आपसी दुश्मनी थी। इस घटना में बाला ने अपने दादा जी को खो दिया। तेजाब से बाला के हाथ, गला और चेहरा बुरी तरह से जल गया था। दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में बाला को भर्ती कराया गया था, जहां उनकी अभी तक 12 सर्जरी हो चुकी हैं। 

2017 से आगरा शीरोज ‘हैंगआउट’ का हिस्सा बनीं 
बाला जब अस्पताल में थीं, तब उनकी मुलाकात एक और तेजाब पीड़ित अंशु से हुई। अंशु ने बाला का हौसला बढ़ाया। अंशु छांव फाउंडेशन के साथ जुड़ी हुई हैं। इसकी जानकारी बाला तक पहुंची तो उन्होंने भी इस संगठन से जुड़ने का फैसला किया। साल 2017 से बाला आगरा के शीरोज ‘हैंगआउट’ कैफे में काम करने लगीं। वे पीड़िता से एसिड अटैक फाइटर बन गईं। कैफे ने उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया। 

दीपिका पादुकोण की ‘छपाक’ में किया है अभिनय 
बाला ने टीवी सीरियल ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ में जाकर तेजाब पीड़िताओं के बारे में लोगों को जागरूक किया है। मेघना गुलजार के निर्देशन में 10 जनवरी-2020 को रिलीज हुई दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘छपाक’ में भी बाला ने काम किया है। बाला ने अंग्रेजी सीखने के साथ ही सिलाई पर भी अपनी पकड़ बनाई है। अब बाला के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए करीब 16 लाख रुपये की जरूरत है। इसके लिए छांव फाउंडेशन ने एक ऑनलाइन क्राउड फंडिंग  (bit.ly/SaveBala) की शुरुआत की है। इसमें अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने दस लाख रुपये की सहायता की है। और लोगों से भी मदद आने की उम्मीद जताई जा रही है। छांव फाउंडेशन के फाउंडर आशीष शुक्ला ने बताया, एसिड अटैक सर्वाइवर बाला की दोनों किडनी खराब हो गई हैं। उनका दिल्ली के सफदरगंज अस्पताल में उपचार चल रहा है। दीपिका पादुकोण की इस सहायता से उनका हौसला बढ़ेगा। समाज के लोग उनके साथ खड़े हैं। सामाजिक क्रूरता की शिकार होने वाली ऐसी पीड़िताओं के लिए सरकार को कोई योजना या फंड बनाना चाहिए, जिससे उन्हें बुरे वक्त में लाभ मिल सके। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *