शार्दुल ठाकुर ने बचाई टीम इंडिया की लाज, ताबड़तोड़ फिफ्टी ठोक वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ा
नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में भारतीय बल्लेबाजों की कलई खुल गई। चौथे टेस्ट में भी भारतीय बल्लेबाजी ने इंग्लैंड के गेंदबाजों के आगे घुटने टेक दिए। भारतीय बल्लेबाजी की लाज निचले क्रम के बल्लेबाज शार्दुल ठाकुर ने बचाई। उन्होंने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए शानदार पचासा ठोक दिया। जिस विकेट पर भारत के स्पेशलिस्ट बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे वहीं, ठाकुर ने ओवल के मैदान पर बल्ले से जौहर दिखाया और कुछ समय के लिए इंग्लिश टीम को परेशान किया। 36 गेंदों में ताबड़तोड़ 57 रन बनाने वाले शार्दुल के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हो गए हैं। इंग्लिश गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले शार्दुल ने भारत की तरफ से टेस्ट क्रिकेट में दूसरी सबसे तेज फिफ्टी लगाई। उन्होंने 31 गेंदों में अर्धशतक लगाया। शार्दुल ने इस सूची में भारत के विध्वंसक बल्लेबाज रह चुके वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया। वीरु ने 2008 में इंग्लैंड के खिलाफ 32 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। सफेद जर्सी में भारत के लिए सबसे तेज अर्धशतक जमाने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान कपिल देव के नाम है। कपिल देव ने 1982 में पाकिस्तान के खिलाफ 30 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था।
3 छक्के और 7 चौकों से सजी शार्दुल की पारी की बदौलत ही भारत शर्मनाक स्कोर पर सिमटने से बच गया। 127 रन पर ऋषभ पंत के रूप में भारत का सातवां विकेट गिरने के बाद शार्दुल ने इंग्लैंड के गेंदबाजों के को रिमांड पर लेना शुरू किया और जमकर चौके-छक्के लगाए। हालांकि उनके आउट होते ही भारतीय टीम मात्र 1 रन और जोड़ सकी और 191 रन पर ढेर हो गई। इससे पहले लीड्स में भारतीय बल्लेबाजों का शुरू हुआ फ्लॉप शो ओवल के मैदान में भी जारी रहा। पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाजों को सस्ते में निबटा कर मैच में वापसी की है। खबर लिखे जाने तक इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 21 रन था। कप्तान जो रूट और डेविड मलान 8 रन बनाकर खेल रहे थे।
