दिल्ली-एनसीआर में आज इन जगहों पर हो सकती है बारिश
नई दिल्ली
दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। बारिश की वजह से जहां गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। वहीं जलजमाव की वजह से खासी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले दो घंटे में दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, 'अगले दो घंटों के दौरान दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी-दिल्ली, करनाल, कैथल, फतेहाबाद, इंदिरापुरम, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।'
दूसरे दिन भी बारिश ने लगाया सैकड़ा
राजधानी में गुरुवार को लगातार दूसरे दिन बारिश ने सैकड़ा लगाया। मानक मौसम केंद्र सफदरजंग में 117.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले बुधवार को 112.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच भी हल्की से मध्यम बरसात के दौर आएंगे।
