गुजरात आए रक्षामंत्री राजनाथ, डिफेंस एक्सपो की तैयारियां शुरू, इस बार गांधीनगर में दिखेगा देशी हथियारों का दम

वडोदरा
केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज गुजरात में हैं। यहां वह कई बैठकों में हिस्सा लेंगे। सुबह उनकी वडोदरा एयरपोर्ट पर लैंडिंग हुई। जहां से वह केवड़िया में भाजपा कार्यकारी बैठक को संबोधित करने पहुंचे। इसके बाद उनकी "डिफेंस एक्सपो-2022" की तैयारियों का शेड्यूल है। इस दौरान वह "डिफेंस एक्सपो-2022" की तैयारियों को लेकर सुरक्षा अधिकारियों की बैठक में शामिल होंगे। रक्षा मंत्रालय की ओर से बताया गया कि, "डिफेंस एक्सपो-2022" आगामी मार्च महीने में आयोजित होने जा रहा है। इसे लेकर गुजरात की राजधानी गांधीनगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं।

रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर बताया गया कि, दो साल में एक बार होने वाला डिफेंस-एक्सपो गांधीनगर में अगले साल 11-13 मार्च के बीच होगा। मंत्रालय के उत्पादन विभाग ने डिफेंस‌ एक्सपो के 12वें संस्करण का 'लोगो' भी जारी कर दिया है। जिस पर टैग लाइन दी गई 'इंडिया: द इमर्जिंग डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब'। यानी इसमें देशी हथियारों एवं साजो-सामान को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे पहले पिछला डिफेंस एक्सपो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ था, जबकि नौवां संस्करण चेन्नई और आठवां गोवा में हुआ था। उससे पहले तक डिफेंस-एक्सपो राजधानी दिल्ली में होता रहा है।
 
पिछले यानी कि, लखनऊ में हुए डिफेंस एक्सपो में एक हजार से ज्यादा आर्म्स कंपनियों ने हिस्सा लिया था। जिनमें से करीब 170 विदेशी कंपनियां थीं। यहां करीब 40 देशों के रक्षा मंत्री, सेना प्रमुख एवं अन्य गणमान्य हस्तियां शामिल होने आई थीं। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि, भारत फिलहाल दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा हथियारों का आयातक देश है। हालांकि, लेकिन पिछले कुछ सालों से हम स्वदेशी हथियारों के उत्पादन और निर्यात करने पर भी जोर दे रहे हैं। डिफेंस एक्सपो के जरिए भारत खुद को 'डिफेंस-हब' के तौर पर अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है।

कुछ ही देर पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केवड़िया में सरदार वल्लभ भाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी एवं अन्य नेता मौजूद रहे। सरदार पटेल की प्रतिमा पर, रक्षामंत्री राजनाथ काफी समय बाद पहुंचे हैं। यह प्रतिमा दुनिया में सबसे उूंची है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *