प्रदूषण के नुकसान: दिल्ली के बच्चों में बढ़ा दमे और एलर्जी का खतरा, इस स्टडी में दावा

नई दिल्ली
वायु प्रदूषण की वजह से दिल्ली के स्कूली बच्चों को दमे तथा एलर्जी का खतरा ज्यादा है। एक अध्ययन में दिल्ली के बच्चों की तुलना अपेक्षाकृत कम प्रदूषित शहर कोट्टायम एवं मैसूर के बच्चों से की गई जिसमें यह बात सामने आई है। यह अध्ययन लंग केयर फाउंडेशन और पल्मोकेयर रिसर्च एंड एजुकेशन फाउंडेशन ने किया, जिसकी रिपोर्ट लंग इंडिया जर्नल में प्रकाशित हुई है। अध्ययन में 3157 छोटे स्कूली बच्चों का परीक्षण किया गया ताकि उनके फेफड़ों की सेहत का अंदाजा लगाया जा सके। बच्चों को एक प्रश्नावली दी गई। उन्हें स्पायरोमेट्री से भी गुजारा गया। यह फेफड़ों की कार्यप्रणाली का आकलन करने के लिए एक उच्च मानकों वाला टेस्ट है जिसे तकनीशियन और नर्सों ने प्रमाणित किया।

अध्ययन के अनुसार दिल्ली में 52.8 फीसदी बच्चों ने छींक आने, 44.9 फीसदी ने आंखों में खुजली के साथ पानी आने, 38.4 फीसदी ने खांसी, 33 फीसदी ने खुजली वाले निशान पड़ने, 31.5 फीसदी ने ठीक से सांस नहीं ले पाने, 11.2 फीसदी ने सीने में जकड़न और 8.75 फीसदी ने एक्जींमा की शिकायत की। जबकि कोट्टायम और मैसूर में 39.3 फीसदी ने छींक, 28.8 फीसदी ने आंखों में खुजली के साथ पानी, 18.9 फीसदी ने खांसी, 12.1 फीसदी ने खुजली वाले निशान पड़ने, 10.8 फीसदी ने ठीक से सांस नहीं ले पाने, 4.7 फीसदी ने सीने में जकड़न और 1.8 फीसदी ने एक्जीमा की शिकायत की। दिल्ली के 23.95 फीसदी बच्चों में स्पायरोमेट्री पर सांस लेने में रुकावट या दमा की शिकायत पाई गई। वहीं, कोट्टायम और मैसूर के 22.6 प्रतिशत बच्चों में यह समस्याएं पाई गई। यह अंतर तब है जब कोट्टायम और मसूर में बचपन से ही दमे के लिए अनुवांशिक कारण तथा घर में किसी के धूम्रपान करने जैसे दो महत्वपूर्ण कारक भी जुड़े हुए हैं। स्पायरोमेट्री पर लड़कों में लड़कियों के मुकाबले दमे का प्रसार 2 गुना अधिक पाया गया। दिल्ली में 19.9 फीसदी लड़कियों के मुकाबले 37.2 फीसदी लड़कों में वायु प्रवाह में रुकावट या अस्थमा का प्रसार देखा गया।

दिल्ली में स्पायरोमेट्री पर जिन 29.3 फीसदी बच्चों में दमे का प्रसार पाया गया उनमें से सिर्फ 12 फीसदी में ही दमा की जांच हो पाई। उनमें से सिर्फ 3 फीसदी बच्चे ही इनहेलर इस्तेमाल कर रहे हैं। कोट्टायम और मैसूर में 22.6 फीसदी बच्चों में अस्थमा का प्रसार देखा गया। उनमें से 27 फीसदी में बीमारी का पता लगाया जा चुका है और 8 फीसदी बच्चे इनहेलर इस्तेमाल कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार बड़ी संख्या में ऐसे बच्चे हैं जिनमें दमे के लक्षण हैं लेकिन जांच नहीं कराए जाने की वजह से उनमें बीमारी की पुष्टि नहीं हो सकी है। बहुत बड़ी संख्या ऐसे बच्चों की भी है, जिन्हें सही इलाज नहीं मिल रहा है। कोट्टायम और मैसूर के मुकाबले दिल्ली में यह आंकड़ा कहीं ज्यादा है।

मोटापा भी एक वजह
दिल्ली के 39.8 फीसदी बच्चे मोटापे या ज्यादा वजन के शिकार हैं। वहीं, कोट्टायम और मैसूर में ऐसे बच्चों का प्रतिशत 16.4 है। दिल्ली, कोट्टायम और मैसूर के सभी बच्चों को मिला लें तो मोटे बच्चों में स्पायरोमेट्री पर दमा सिद्ध होने की संभावना 79 प्रतिशत पाई गई है। कोट्टायम और मैसूर के मुकाबले दिल्ली के बच्चों में इसकी संभावना 38 फीसद ज्यादा है। लंग केयर फाउंडेशन के संस्थापक ट्रस्टी डा. अरविंद कुमार ने कहा कि दिल्ली के बच्चों में सांस तथा एलर्जी, स्पायरोमेट्री आधारित अस्थमा तथा मोटापे का अस्वीकार्य स्तर तक उच्च प्रसार देखा गया है। इन तीनों ही बीमारियों का संबंध वायु प्रदूषण से जुड़ा हो सकता है। यह सही समय है जब दिल्ली तथा अन्य शहरों में वायु प्रदूषण के मुद्दे को सुव्यवस्थित तरीके से सुलझाया जाए ताकि हमारे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

85 फीसदी को पता नहीं कि उन्हें दमा
सीएसआइआर इंस्टीट्यूट ऑफ जिनोमिक्स एंड इंटीग्रेटिव बायोलॉजी, नई दिल्ली के निदेशक डॉ. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि अध्ययन से यह जाहिर होता है कि दिल्ली के जिन बच्चों में दमे का प्रसार पाया गया है उनमें से 85 फीसदी को यह नहीं पता कि वह दमे के शिकार हैं। उनमें से 3 फीसदी से भी कम को सही इलाज मिल रहा है। अभिभावकों और शिक्षकों के बीच दमे को लेकर और अधिक जागरुकता पैदा करने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *