टेस्ट में फिर से नंबर-1 बल्लेबाज बने जो रूट की तारीफ में दिनेश कार्तिक ने पढ़े कसीदे
नई दिल्ली
इंग्लैंड के कप्तान जो रूट भारत के साथ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में बल्ले से कमाल का प्रदर्शन कर रहे हैं। अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर रूट एक बार फिर से आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में बल्लेबाजों की लिस्ट में नंबर वन बल्लेबाज बन गए हैं। रूट तीन टेस्ट मैचों में अबतक 126.75 की औसत से तीन शतकों के साथ 507 रन बना चुके हैं। रूट की बल्लेबाजी को देखकर भारत के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी उनकी तारीफ कर रहे हैं। कार्तिक ने कहा कि जो रूट भारतीय कप्तान से कहीं दूर आगे चल रहे हैं। भारतीय विकेटकीपर ने साथ ही कहा कि ऐसी कोई जगह नहीं है, जिसे लेकर आप कह सकें कि रूट को वहां गेंद डालो। कार्तिक ने स्काई स्पोर्ट्स के साथ बात करते हुए कहा, ' यदि आप चतुराई से देखें, तो रूट ने गलतियां नहीं की है। इस पूरी सीरीज के दौरान व्हाइट गेंद के अच्छे बल्लेबाज विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, जॉनी बेयरस्टो आदि खिलाड़ी अधिकतम 50 या 55 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाज कर रहे हैं लेकिन रूट ने 70 से 75 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की है। इंग्लिश कप्तान अपनी बल्लेबाजी कौशल के चरम पर है और उनमें कोई तकनीकी खामी नहीं है। कुछ ऐसे चरण हो सकते हैं जहां वह बेहतर खेल सकते थे लेकिन ऐसा कोई जोन नहीं है जहां आप कह सकें कि उस जगह पर रूट को गेंदबाजी करो।' ग्लैंड के लिए जहां रूट कमाल की बल्लेबाजी कर रहे हैं तो वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली इस बार इंग्लैंड दौरे पर बल्ले से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के साथ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले तीन मैचों में अबतक केवल 124 रन ही बनाए हैं। दोनों टीमों के बीच चौथा टेस्ट गुरुवार से लंदन के द ओवल मैदान में खेला जाएगा।
