शतरंज चयन स्पर्धा में रायगढ़ के ऋषित और राजनांदगांव की राशि का खिताब पर कब्जा
रायपुर
छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ द्वारा आयोजित आनलाइन राज्य स्तरीय अंडर-8 शतरंज चयन स्पर्धा का समापन हुआ। ओपन कैटेगरी में रायगढ़ के ऋषित अग्रवाल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बिना कोई मैच हारे 5 चक्रों में पूरे 5 अंक अर्जित कर राज्य चैंपियन बने। वहीं रायगढ़ के प्रांजल बिस्वाल 4 अंकों के साथ उप विजेता बनने का गौरव हासिल किया। राजनांदगांव की राशि वरुड़कर ने भी जादुई खेल का प्रदर्शन करते हुए पूरे 3 अंकों के साथ खिताब पर कब्जा किया। रायगढ़ की अलंक्रूता मोहराना 2 अंक बटोरकर उपविजेता बनी। गर्ल्स केटेगरी का मैच राउंड रॉबिन द्वारा खेला गया। ओपन कैटेगरी में टूनार्मेंट स्वीस लीग पद्धति से खेली गई।
छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के संयोजक हेमन्त खुटे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस स्पर्धा के दोनों वर्गों से चयनित दो-दो खिलाड़ी 10 सितंबर से आयोजित होने जा रही आनलाइन नेशनल चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के मुख्य निर्णायक भिलाई के अलंकार भिवगड़े और उप मुख्य निर्णायक रायपुर के रवि कुमार व रोहित यादव थे। टेक्निकल सपोर्ट में धमतरी के आशुतोष साहू व सरगुजा के अनीस अंसारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
