अखिलेश यादव ने कहा  ‘सपा के खिलाफ साजिश कर रही है भाजपा’

लखनऊ
यूपी के पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा, 2022 में समाजवादी पार्टी (SP) की सरकार बनने जा रही है। इसलिए भाजपा साजिश में जुट गई है। 2022 के चुनाव में जनता संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा को जरूर सबक सिखायेगी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा भाजपा का स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों से कोई संबंध नहीं है। भाजपा सत्ता में रहते हुए जनता के सवालों पर चुप्पी साध लेती है। भाजपा आजादी की दुश्मन क्यों है? लोकतंत्र में सबका सम्मान क्यों नही होना चाहिए? सबको समान अवसर क्यों नहीं मिलना चाहिए? भाजपा सरकार आंकड़े छिपाती क्यों है? आरक्षण कहां मिलेगा? इन प्रश्नों पर भाजपा का मौन रहना उसके अधिनायकशाही चरित्र को दर्शाता है।

पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा ने देश की अस्मिता के साथ खिलवाड़ किया है। भाजपा सरकारी सम्पत्ति को निजी हाथों में सौंपने की साजिश में जुटी हुई है। कारपोरेट के इशारे पर ही भाजपा सरकार काम कर रही है। भाजपा ने जनमत का अनादर किया है। भारत की सांस्कृतिक गरिमा को गिराने की साजिश में ही भाजपा दिन-रात जुटी हुई है। भाजपा ने राजनीति की सुचिता, ईमानदारी और आदर्श को कमजोर किया है। संस्थाओं पर पूंजीपतियों का कब्जा हो रहा है। जातीय जनगणना के आंकड़े क्यों जारी नहीं हो रहे हैं? भारत के संविधान में भाजपा की कोई आस्था नहीं है। सरकार संविधान विरोधी नीतियों को जबरन जनता पर थोपने के लिए कानून बना रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *