पचास हजार आवासों का भूमिपूजन कर बांटे 627 करोड़
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के एक लाख 29 हजार 292 हितग्राहियों को 627 करोड़ रुपए की राशि का वितरण किया। उन्होंने पचास हजार 253 हितग्राहियों के आवास निर्माण के लिए भूमिपूजन भी किया। इस मौके पर हितग्राहियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनहितैषी सरकार प्रदेश के हर भूमिहीन, आवासहीन गरीब को आशियाना उपलब्घ करवाएगी। हर गरीब के सिर पर छत हो इसके लिए बजट की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज खंडवा दौरे के दौरान हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के जरिए 627 करोड़ की सहायता राशि का वितरण किया। उन्होंने हितग्राहियों से संवाद भी किया और उनसे पूछा कि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं। योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिले तो सीएम हेल्पलाईन में शिकायत करे, समस्या को जिले के कलेक्टर और वरिष्ठ अफसरों की जानकारी में लाए।
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के क्रियान्वयन में मध्यप्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। अब तक प्रदेश के विभिन्न शहरों में कुल 8 लाख 37 हजार आवास स्वीकृत किए गए है। प्रदेश में तीन लाख 33 हजार हितग्राहियो के आवासों के निर्माण का कार्य पूरा हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने खंडवा में आॅक्सीजन प्लांटों का भूमिपूजन भी कर रहे है। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय खंडवा का नामकरण स्वर्गीय नंदकुमार सिंह चौहान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री कर रहे है। इस मौके पर उन्होंने अन्य शासकीय योजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण भी वे करेंगे।
