दिल्ली-ग्वालियर के बीच नई वंदे भारत ट्रैन चलेगी, ग्वालियर, गुना मक्सी के बीच बढ़ेगी ट्रैन स्पीड
भोपाल
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि अगले एक साल में ग्वालियर को एक नई वंदे भारत टेÑन की सौगात मिलेगी। यह टेÑन दिल्ली से ग्वालियर के बीच चलेगी। केंद्रीय रेलमंत्री ने इसकी सहमति दे दी है। साथ ही ग्वालियर से तिरुपति बालाजी जाने वालों के लिए यहां तिरुपति एक्सप्रेस रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं जिससे इस अंचल के लोगों को तिरुपति जाने के लिए टेÑन उपलब्ध हो सकेगी।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात के बाद यह जानकारी ट्वीट के जरिये दी है। सिंधिया ने कहा कि मुलाकात के दौरान ग्वालियर-चंबल अंचल के रेलवे से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री वैष्णव ने लगभग 250 करोड़ की लागत से इंडियन रेलवे स्टेशन डेवलपमेंट कारपोरेशन द्वारा ग्वालियर रेलवे स्टेशन के आधुनिक विकास व विस्तार के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। सिंधिया ने कहा कि दिल्ली एवं ग्वालियर के मध्य नई वंदे भारत ट्रेन के संचालन की रेलमंत्री ने सहमति प्रदान कर दी है। यह ट्रेन अन्य वन्दे भारत ट्रेनों के साथ अक्टूबर से दिसम्बर 2022 के मध्य शुरू हो जाएगी। ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास के लिए महत्वपूर्ण ग्वालियर-श्योपुर रेलखंड जिसका गेज परिवर्तन किया जा रहा है, इसके लिए रेलमंत्री ने बजट में बढ़ोतरी के साथ-साथ इसको शीघ्र कराने के निर्देश दिए हैं।
सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर-गुना मक्सी रेलखंड जिसकी लंबाई 400 किमी है, उस पर भी चर्चा के बाद सहमति दी गई है। यहां वर्तमान सिंगल ट्रैक पर सिग्नलिंग कार्य करना प्रस्तावित किया है, इससे अभी चल रही ट्रेनों की गति 30 से 40 प्रतिशत तक बढ़ाई जा सकेगी।
इस ट्रैक के दोहरीकरण के प्रस्ताव का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। गुना- विजयपुर रेलखंड पर गुना- बमौरी मार्ग पर महूगढ़ा रेलवे फाटक के स्थान पर सितम्बर- अक्टूबर माह तक रेल्वे अंडरब्रिज का कार्य शुरू कराने के निर्देश रेलमंत्री ने दिए हैं। रेलमंत्री ने ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर हजरत निजामुददीन-तिरुपति एक्सप्रेस ( 02782-02781 ) रोकने के निर्देश दिए जिससे ग्वालियर के लोगों को तिरुपति बालाजी के दर्शन करने जाने के लिए सीधी ट्रेन सुविधा मिल सकेगी। चर्चा के बाद गुना जिले के म्याना रेलवे स्टेशन पर ग्वालियर/भिंड – इंदौर/रतलाम इंटरसिटी ट्रेन के ठहराव और अशोकनगर जिले के पिपरई रेलवे स्टेशन पर साबरमती एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी दी गई है।
