हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक आधी रात गिरफ्तार, सर्चिंग में भारी मात्रा में मिले हथियार
जबलपुर
विजय नगर थाना में दर्ज हत्या के प्रयास के अपराध में फरार हिस्ट्रीशीटर अब्दुल रज्जाक और उसके भतीजे शहवाज को आधी रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि शहवाज और अब्दुल रज्जाक नया मोहल्ला स्थित घर में हैं। विजय नगर और ओमती पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी फोर्स के साथ घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घर में सर्चिंग करते हुए भारी मात्रा में धारदार हथियार,राइफल सहित अन्य असलहा एवं कारतूस जब्त किए हैं। ओमती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम 1956 के तहत 25(1एए) 25-27 का अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर हथियारों के संबंध में पूछताछ के लिए रिमांड आवेदन प्रस्तुत करेगी।
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि विजय नगर थाना में अभ्युदय चौबे की शिकायत पर विजय नगर थाना में धारा 307 का अपराध मोहम्मद शहवाज पर दर्ज किया गया था। अभ्युदय चौबे को गंभीर चोट पहुंचाने वालों ने अब्दुल रज्जाक की धौंस दिखाते हुए सुनियोजित हमला किया था। पुलिस को खबर मिली की शहवाज अपने चाचा अब्दुल रज्जाक के घर में है। पुलिस ने रात में घेराबंदी करते हुए नया मोहल्ला स्थित घर में दबिश देते हुए शहवाज को गिरफ्तार किया। तलाशी दौरान पुलिस को अब्दुल रज्जाक के घर से 5 नग रायफल, तीन 12 बोर की बंदूक, एक 0.22 पिस्टल, एक 315 बोर पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस एवं 15 नग बकानुमा चाकू बरामद किए हैं।
वर्जन
हत्या के प्रयास के मामले में फरार शहवाज को अब्दुल रज्जाक के घर से गिरफ्तार किया गया है। अब्दुल रज्जाक के घर से पिस्टल, बंदूक, धारदार हथियार सहित कारतूस जब्त किए गए हैं। जब्त हथियारों के संबंध में विस्तृत छानबीन चल रही है।
सिद्धार्थ बहुगुणा, एसपी
