मैनपुरी में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, आमने-सामने की फायरिंग में दो की मौत
मैनपुरी
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खुंडे में प्लाट के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आमने सामने से हुई अंधाधुंध फायरिंग में दोनों पक्षों के एक व्यक्ति की मौत हो गई। खबर पाकर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने माहौल को संभाला। दोनों ही पक्षों की तहरीर पर घटना का अभियोग दर्ज किया गया है। दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैला गई है।
घटना गुरुवार देर रात की है। थाना क्षेत्र के ग्राम नगला खुंडे निवासी नंदकिशोर जाटव पुत्र हाकिम सिंह जाटव तथा गांव के ही आनंद जाटव पुत्र भारत सिंह जाटव के बीच गांव में स्थित एक प्लाट पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कई बार गाली गलौज हो चुकी थी। गुरुवार की रात प्लाट पर कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में पहले विवाद हुआ फिर फायरिंग होने लगी। फायरिंग के दौरान आनंद का भाई 35 वर्षीय देवेंद्र और नंदकिशोर के परिवार का 65 वर्षीय योगराज गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को सैफई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अशोक कुमार राय, सीओ अशोक कुमार, करहल थाना प्रभारी शिव कुमार चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लिया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना के बाद हत्यारोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। गांव के दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
